शिक्षा मंत्री जी, श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी में बच्चों के खेल भविष्य से खिलवाड़….भाजपा नेता ने शिक्षा मंत्री को लिखे पत्र में अवगत करवाया
– SGFI प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों को वंचित रखने पर उठे सवाल
– वार्षिक खेल शुल्क लेने के बाद भी पंजीकरण में लापरवाही का आरोप।
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। शहर के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी पर विद्यार्थियों के खेल भविष्य के साथ लापरवाही बरतने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। भाजपा नेता यतेंद्र भारद्वाज ने आरोप लगाया है कि स्कूल प्रबंधन अभिभावकों से खेल सहित अन्य मदों में वार्षिक शुल्क वसूल रहा है। बावजूद बच्चों को मध्य प्रदेश शासन द्वारा आयोजित स्कूल स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर नहीं दिया जा रहा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारद्वाज ने प्रदेश के शिक्षा मंत्री को पत्र लिखकर स्कूल प्रबंधन के खिलाफ आवश्यक कदम उठाने और प्रतिभावान खिलाड़ियों को उनका हक दिलाने की मांग की है।
SGFI प्रतियोगिताओं का अवसर छीनने का आरोप:- भाजपा नेता यतेंद्र भारद्वाज के अनुसार, स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SGFI) से जुड़ी खेल प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के लिए जिला, संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का मुख्य माध्यम होती हैं। श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी प्रबंधन समय पर आवश्यक पंजीकरण प्रक्रिया और आधिकारिक शुल्क की औपचारिकताएं पूरी नहीं करता। इस प्रशासनिक लापरवाही के कारण कई प्रतिभावान खिलाड़ी आगे बढ़ने के अवसरों से वंचित रह जाते हैं।
क्लस्टर और शासन की प्रतियोगिताओं में बड़ा अंतर:- भारद्वाज ने स्पष्ट किया कि क्लस्टर स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेना एक अलग बात है। लेकिन शासन द्वारा मान्यता प्राप्त प्रतियोगिताओं का महत्व अत्यधिक होता है। जिला और राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए ही राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व के द्वार खुलते हैं। जब अन्य सभी सीबीएसई मान्यता प्राप्त स्कूल अपने विद्यार्थियों को इन प्रतियोगिताओं में भेजने के लिए प्रक्रियाएं पूरी कर रहे हैं। तब गुरु तेग बहादुर एकेडमी द्वारा ऐसा न करना बच्चों के भविष्य के साथ सीधे तौर पर खिलवाड़ है।
निष्पक्ष अवसर की मांग:- शिक्षा मंत्री को भेजे पत्र में यतेंद्र भारद्वाज ने मांग की है कि किसी भी विद्यार्थी का खेल भविष्य प्रशासनिक शिथिलता या भेदभाव का शिकार नहीं होना चाहिए। उन्होंने शासन से हस्तक्षेप कर श्री गुरु तेग बहादुर एकेडमी के विद्यार्थियों को जिला, संभाग, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभा दिखाने का समान और निष्पक्ष अवसर सुनिश्चित कराने का आग्रह किया है।
