रतलाम मंडल में CRB के कड़े रुख का असर….जागा रेलवे प्रशासन, उज्जैन में अधिकारियों का डेरा, 10 दिन का अल्टीमेटम
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CRB) सतीश कुमार के हालिया रतलाम मंडल दौरे के बाद से ही रेलवे अधिकारियों में हड़कंप मचा हुआ है। निरीक्षण के दौरान इंदौर, उज्जैन और नागदा स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं एवं सफाई की स्थिति पर उन्होंने गहरा असंतोष व्यक्त किया था। मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार समेत संबंधित अधिकारियों को 10 दिनों के भीतर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने का कड़ा अल्टीमेटम दिया गया है।
इस अल्टीमेटम का असर यह है कि रेलवे के कमर्शियल और इंजीनियरिंग विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने उज्जैन स्टेशन पर ही डेरा डाल दिया है। शनिवार को बारिश के बीच सीनियर डीसीएम हिना केवलरामानी छाता लेकर निरीक्षण करती नजर आईं। वहीं सीनियर डीईएन ईस्ट महेंद्र जाटव ने प्लेटफॉर्म और ट्रैक मरम्मत से जुड़े कार्यों के लिए वर्किंग शेड्यूल तैयार किया।
रतलाम में सफाई को लेकर ठेका निरस्ती की कवायद:- इधर, रतलाम स्टेशन पर सफाई की बेहद लचर हालातों को देखते रेलवे अब सख्त है। ट्रैक गंदगी व पानी से लबरेज़ दिखाई देते है। डस्टबीन समय पर खाली नहीं किए जा रहे है। ऐसे में अब मैकेनिकल विभाग द्वारा रेलवे अफ़सर ठेका टर्मिनेट करने की कवायद में रास्ता तलाशने में जुटे है।
दौरे से जुड़ी प्रमुख बातें और खामियां
– स्टेशनों पर असंतोष: उज्जैन में भारी गंदगी और नागदा स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर टूटी-फूटी टाइल्स को लेकर CRB ने गहरी नाराजगी जताई थी। उन्होंने दोटुक कहा कि रतलाम के अलावा मंडल के अन्य प्रमुख स्टेशनों पर भी ध्यान दिया जाए।
– घटिया सड़क निर्माण पर सख्ती: रतलाम स्टेशन के बाहर मॉल एरिया और फ्रीगंज बायपास की बदहाल सड़क देखकर CRB ने अफसरों को कड़ी फटकार लगाई थी। तीन साल पहले बने इस मार्ग में गिट्टियां उखड़ने और घटिया निर्माण पर सुधार के निर्देश दिए गए।
– रतलाम स्टेशन का जायजा: CRB स्पेशल ट्रेन से रात 9 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर उतरे। वहां चल रहे निर्माण कार्यों और बाहरी सर्कुलेटिंग एरिया का बारीकी से निरीक्षण किया। दौरे से पहले रतलाम में 40-50 सफाईकर्मियों को लगाकर व्यवस्था को चमकाया गया था।
– लापरवाही भी आई सामने: एक तरफ पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक (GM) रामाश्रय पांडेय और DRM समेत शीर्ष अधिकारी मौजूद रहे। वहीं रतलाम स्टेशन पर कार्यरत कमर्शियल सहित अन्य विभागों के कई सुपरवाइजर दौरे के दौरान भी साप्ताहिक अवकाश मनाते पाए गए थे।
