न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रतलाम रेलवे मंडल में हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंडल के मंदसौर-रतलाम रेल सेक्शन में मंदसौर रेलवे स्टेशन पर सोमवार को
एक टावर वैगन पटरी से उतर (डिरेल) गई। घटना के तुरंत बाद स्टेशन पर सायरन बजाया गया और राहत अमला अलर्ट हो गया। हालांकि, घटना के बाद मामले को दबाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में इस रेल सेक्शन में दोहरीकरण (दोगुनी पटरी) का कार्य पूरा हुआ था, जिसके बाद यात्री और मालगाड़ियों का नियमित परिचालन शुरू किया गया है। वर्तमान में रेलवे ट्रैक के रखरखाव और अन्य तकनीकी कार्य लगातार जारी हैं। इसी काम के दौरान मंदसौर स्टेशन पर पॉइंट के पास टावर वैगन बेपटरी हो गई।
पहले भी हादसों से जुड़ा रहा है लोको पायलट का नाम:- सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, टावर वैगन को चला रहा लोको पायलट वही है जो पहले भी एक डिरेलमेंट की घटना में शामिल रह चुका है। ऐसे में इस घटना ने रेलवे की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों पर फिर से सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं।
घटना रेलवे लाइन के मुख्य पॉइंट पर होने के कारण इस सेक्शन में रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। रेलवे की तकनीकी और राहत टीम वैगन को दोबारा पटरी पर लाने तथा ट्रैक को जल्द से जल्द क्लीयर कर परिचालन बहाल करने में जुटी हुई है। दोहरीकरण के बाद शुरू हुए इस ट्रैक पर रखरखाव के दौरान हुई इस लापरवाही से ट्रेनों की आवाजाही पर सीधा असर पड़ा है।
