सर्वे के आधार पर जिताऊ उम्मीदवार को ही इस बार मिलेगा कांग्रेस का टिकिट, धार्मिक यात्राएं कोई भी निकाल सकता
-भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव श्री माहीन खान मेकश ने पत्रकारवार्ता में कहा
न्यूज जंक्शन-18
रतलाम। आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी सर्वे के आधार पर केवल जिताऊ उम्मीदवार को ही टिकिट देगी। पार्टी के नाम से कोई भी धार्मिक यात्राएं निकाल सकता है। सर्वे को लेकर तैयारियां की जा रही है। प्रदेश में पार्टी आलाकमान कमलनाथ द्वारा जारी पांच गारंटी कार्ड के एजेंडे पर युवा कांग्रेस को भी अहम जिम्मेदारी दी है। इसे लेकर दो एप तैयार किए है। चैरिटी के माध्यम से प्राप्त फंड के तहत जरूरतमंद कार्यकर्ताओं के लिए आर्थिक सहायता के भी इंतजाम किए जा रहे है।
यह बात भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव माहीन खान मेकश ने प्रेस क्लब भवन पर मंगलवार आयोजित पत्रकारवार्ता में कही।
उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में कमलनाथ ने युवक कांग्रेस को अहम जिम्मेदारी दी है। पांच गारंटी कार्ड के तहत लोगों के बीच पहुंचकर जानकारियों से अवगत कराना है। इसके लिए पार्टी द्वारा एप बनाया गया है। इसके माध्यम से युवा कांग्रेस का कार्यकर्ता घर जाकर जानकारी लेगा कि मुखिया का नाम व मोबाइल नंबर क्या है। घर में कितने सदस्य है, इसमें कितने वोटर है। किसका वोटर कार्ड नही बना है। इसका डेटा तैयार किया जाएगा। इस संबधी रतलाम में भी युवा कार्यकर्ताओं की मीटिंग ली जा चुकी है।
बैंगलोर में 26 से 28 जुलाई तक अधिवेशन
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव माहीन खान मेकश ने कहा कि भारतीय युवा कांग्रेस का बैंगलोर में 26 से 28 जुलाई तक अधिवेशन होने जा रहा है। अब तक के इतिहास में युवाओं का यह सबसे अधिवेशन होगा। वहां सभी प्रदेश के पदाधिकारी, प्रदेशाध्यक्ष, जिलाध्यक्ष व नगर अध्यक्ष उपस्थित होंगे। विधानसभा चुनाव संबंधित रणनीति पर भी विचार-विमर्श होगा। बेहतर भारत की बुनियाद का चेलेंज एप तैयार किया गया है। इसकी भी जानकारी से अवगत कराया जाएगा। शुरुआत चेरिटी के माध्यम से की गई हैं। तय किया कि इसमें कोई भी व्यक्ति 100 रूपए से लेकर अधिकतम राशि दान कर सकता है। अब तक 98 लाख रुपए जमा हुए है। किसी कार्यकर्ता की आर्थिक स्थिति ठीक नही है। किसी को गंभीर बीमारी है या वह उपचार नही करवा पाता है। तब यह राशि सहायतार्थ दी जा सकेगी। एप को लोड कर कोई भी देखा सकेगा कि कितनी राशि जमा है व कितनी खर्च की गई।
धार्मिक यात्राएं निकालने का सभी को अधिकारी
उन्होंने आगे कहा कि विधानसभा चुनाव में इस बार पार्टी केवल जिताऊ उम्मीदवार को ही टिकिट देगी। हालांकि पार्टी के नाम से कोई भी धार्मिक यात्राएं निकाल सकता है। लेकिन उम्मीदवारी के लिए पार्टी स्तर पर गोपनीय सर्वे करवाया जाएगा। सर्वे में जो सबसे आगे रहेगा। उसे ही पार्टी उम्मीदवार बनाएगी।
इस मौके पर भारतीय युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मयंक जाट, शहर कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्षद्वय शैलेन्द्र सिंह अड़ाना, फ़ैयाज़ मंसूरी, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष सैय्यद वसुद, पूर्व सांसद प्रतिनिधि राजीव रावत मंचासीन थे।