बेवजह ट्रेनों के बदल रहे प्लेटफॉर्म…?विरोध में बंद की स्टॉलें, संचालक बोले- जानबूझकर परेशान कर रहे स्टेशन अधीक्षक
-रविवार शाम को प्लेटफॉर्म नंबर 4 की अवध एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म 5 पर पहुचने से आक्रोश
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। लंबे समय से रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के प्लेटफॉर्म बदले जाने की समस्या रविवार शाम को गंभीर होकर स्टॉल संचालकों के आक्रोश में तब्दील हो गई। प्लेटफॉर्म नंबर 4 की ट्रेन को प्लेटफॉर्म 5 पर खड़ा करवा दिया गया। इस वजह से स्टॉल संचालक भड़क गए। खानपान सामग्री प्लेटफॉर्म के फर्श पर रखकर विरोध शुरू कर दिया। बाद में समझाईश के बाद स्टॉल शुरू की गई।
स्टॉल संचालक सचिन अग्रवाल ने बताया कि पिछले कई दिनों से ट्रेनों के बेवजह प्लेटफॉर्म बदले जा रहे है। ट्रेन दूसरे प्लेटफॉर्म पर जाने से उनका धंधा चौपट हो रहा है। खानपान सामग्री का भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इसलिए भड़क उठे, उतरे विरोध में:- रविवार को अवध एक्सप्रेस का प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर ठहरना थी। इसके लिए स्टालों पर विक्रय की खानपान सामग्री तैयार की गई। दूसरी ओर प्लेटफॉर्म नंबर 5 की जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन नहीं थी। एन वक्त पर प्लेटफॉर्म नंबर 4 की अवध एक्सप्रेस को प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर भेज दी। जबकि इस प्लेटफॉर्म की लोकल ट्रेन को प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर खड़ी करवा दी गई। नुकसान होता देख मजबूरन स्टॉलें बंद करवाते हुए विरोध किया गया।
मामले में वैंडर्स का कहना है कि स्टेशन अधीक्षक अपने हित साधने में लगे है। इसलिए लंबे समय से प्लेटफॉर्म नंबर 5 पर ही ट्रेनें भेज रहे हैं। पूछताछ करने पर वरिष्ठ अधिकारियों को ऑपरेटिंग की समस्या बता रहे है। ऐसे में उनका नुकसान किया जा रहा है। इससे यात्रियों को भी परेशान होना पड़ रहा है। इधर, ऑपरेटिंग विभाग के अधिकारियों का कहना है कि किसी भी ट्रेन को लेट नहीं करने के निर्देश है। एकसाथ ट्रेनें ज्यादा आने पर उनका प्लेसमेंट करवाकर ट्रेन समय पर रवाना करना मजबूरी है।
