रतलाम में आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन: 8-लेन हाईवे पर नाकाबंदी, ग्रामीण इलाकों में छापेमारी कर 1.71 लाख रुपए की अवैध शराब व लहन जब्त
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर नकेल कसने के लिए आबकारी विभाग ने शिकंजा कस दिया है। कलेक्टर अजय कटेसरिया एवं सहायक आबकारी आयुक्त विकास मण्डलोई के निर्देशन में विभाग की टीमों ने 8-लेन मुंबई-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग समेत जिले के ग्रामीण इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी और सघन चेकिंग अभियान चलाया।
रविवार (31 अक्टूबर) को सैलाना, आलोट और जावरा की संयुक्त टीमों ने ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब माफियाओं के ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान आबकारी पुलिस ने भारी मात्रा में देशी मदिरा, हाथ-भट्टी शराब और महुआ लहन जब्त किया।

टीम ने छापेमारी के दौरान 37 पाव देशी प्लेन मदिरा, 61 बल्क लीटर हाथ-भट्टी शराब और करीब 1,560 किलोग्राम महुआ लहन बरामद कर मौके पर नष्ट किया। जब्त की गई इस अवैध शराब और सामग्री की कुल कीमत लगभग 1,71,000 रूपए आंकी गई है। मामले में आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क, च एवं 36 के तहत कुल 08 आपराधिक प्रकरण दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
8-लेन एक्सप्रेस-वे पर नाकाबंदी:- अवैध शराब के अंतरराज्यीय परिवहन को रोकने के लिए आबकारी विभाग ने 8-लेन दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर विशेष नाकाबंदी कर वाहनों की सघन तलाशी ली। राजमार्ग से गुजरने वाले संदिग्ध वाहनों को रोककर चेकिंग अभियान चलाया गया।
सहायक जिला आबकारी अधिकारियों के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में वृत सैलाना और आलोट परगना के उपनिरीक्षकों अर्पित पंड्या सहित समस्त प्रधान आरक्षकों और आरक्षकों की मुख्य भूमिका रही। विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

कार्रवाई के मुख्य बिंदु
जब्ती: 37 पाव देशी मदिरा प्लेन, 61 बल्क लीटर हाथ-भट्टी शराब और करीब 1,560 किलोग्राम महुआ लहन बरामद कर नष्ट किया गया।
कुल कीमत: जब्त की गई अवैध शराब और सामग्री का कुल बाजार मूल्य लगभग 1,71,000 रुपए आंका गया है।
मामले दर्ज: आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) क, च एवं 36 के तहत कुल 08 आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
