अवध एक्सप्रेस के पेंट्रीकार में जांच….बगैर अप्रूवल पानी की बोतलें और पाव जब्त, ट्रेन की पेंट्रीकार में गंदगी मिलने पर रेलवे की सख्त कार्रवाई
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। लंबी दूरी की ट्रेनों में पेंट्रीकार ठेकेदार व स्टाफ गुणवत्ताहीन खाद्य सामग्री की बिक्री कर यात्रियों की सेहत से खिलवाड़ करने पर आमादा है। इनकी शिकायतों के बाद अब रेल प्रशासन जागा है।
सीनियर डीसीएम हिना केवलरामानी के निर्देश पर रेलवे प्रशासन ने ट्रेनों में यात्री सुविधाओं और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुधारने के लिए चेकिंग अभियान तेज कर दिया है। इसी कड़ी में सुबह 8 बजे प्लेटफॉर्म नंबर 5 व 6 पर आई ट्रेन संख्या 20941 गाजीपुर एक्सप्रेस के अलावा ट्रेन संख्या 19037 अवध एक्सप्रेस की पेंट्रीकार में औचक निरीक्षण कर अनधिकृत खाद्य और पेय सामग्री जब्त की गई। जांच टीम ने रिपोर्ट तैयार की। इसके बाद कार्रवाई सुनिश्चित करने इसे पश्चिम रेलवे मुंबई मुख्यालय भी भेजा जाएगा।
सीनियर डीसीएम के निर्देश पर सोमवार को सुबह एसीएम बसंत नायर, सीएमआई सोमेश सिसौदिया तथा सीएचआई शैलेंद्र गौतम की टीम को रेलवे स्टेशन पहुंचे को कहा। टीम ने अवध एक्सप्रेस ट्रेन के प्लेटफॉर्म पर पहुंचते ही जांच शुरू की। चेकिंग के दौरान पेंट्रीकार में भारी गंदगी पाई गई, जिस पर अधिकारियों ने सख्त नाराजगी जताई।
खाद्य पदार्थों की सघन जांच करने पर पेंट्रीकार से रेल नीर के बजाय लोकल ब्रांड की बगैर अप्रूवल वाली पानी की आधा दर्जन से अधिक बोतल की कैरेट बरामद हुईं। इसके साथ ही बिना अनुमति के बिक्री के लिए रखा गया बड़ी मात्रा में पाव का स्टॉक भी जब्त किया गया।
रेल अधिकारियों ने अनधिकृत सामग्री को कब्जे में लेकर पेंट्रीकार ठेकेदार के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है। रेलवे प्रशासन का कहना है कि यात्रियों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ और नियमों का उल्लंघन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आगे भी इस तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
बता दें कि सीनियर डीसीएम को रतलाम स्टेशन पर जांच के अभाव में खानपान की गुणवत्ता से जुड़ी शिकायतें मिल रही है। औचक निरीक्षण के शेड्यूल भी बनाया गया है।
