रेलवे कॉलोनी में अनोखी चोरी….क्वार्टर के कोठीयार्ड फांदकर घुसे चोर 2 मुर्गे, 12 कबूतर, 10 किलो बाजरा व टुल्लू पंप ले भागे
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। शहर के रेलवे एरिया में स्थित ओल्ड रेलवे कॉलोनी में चोरी की अनोखी घटना हुई। रेलवे कर्मचारी के क्वार्टर से चोरों ने टुल्लू पंप के अलावा घर में रखा 2 किलो बाजरा चुराया।साथ ही 2 मुर्गे व 12 कबूतर भी ले भागे। पीड़ित रेलकर्मी ने सोमवार को रतलाम जीआरपी पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।

ओल्ड कॉलोनी रोड नंबर 10 के 57/एल सरकारी क्वार्टर में रहने वाले सीनियर क्रेन ड्राइवर सतीश बारिया ने पुलिस को लिखित शिकायत में बताया कि अपने काम से शहर से बाहर गया था। तब रविवार-सोमवार की दरमियानी रात चोर मेरे शासकीय क्वार्टर की कोठीयार्ड की बाउंड्रीवाल से अंदर घुसे। चोर 1.5 एचपी की पानी का पंप के अलावा 10 किलो बाजरा व ट्रे ले गए। साथ ही पीछे के कोठीयार्ड में पिंजरे से 2 मुर्गे तथा 12 कबूतर चोरी कर ले गए।
बता दें कि कर्मचारी के क्वार्टर के पीछे गली और इससे सटे अधिकारियों के बंगले है। ऐसे में बंगलो में भी चोरी की वारदात की आशंका है।
रेलवे गार्ड के घर चोरी का सुराग नहीं:- इधर, दो दिन पहले रेलवे से रिटायर्ड गार्ड भागचंद सबनानी के विष्णुपुरी इंद्रलोक नगर निवास से क़बाट में रखे 13 तोला सोने के जेवर चोरी हो गई थी। औद्योगिक पुलिस थाना में भागचंद ने लिखित में शिकायत दर्ज कराई। लेकिन अभी तक पुलिस ने एफआईआर दर्ज नही की।
