रतलाम में सनसनीखेज वारदात: रेलवे माल गोदाम रोड पर युवक को मारी गोली, प्रेम विवाह से जुड़ी रंजिश की आशंका
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। शहर के रेलवे पुराने माल गोदाम रोड पर सोमवार को उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अज्ञात बदमाशों ने एक युवक पर गोली चला दी। इस हमले में युवक की पीठ में गोली लगी है, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जांच में मामला प्रेम विवाह की रंजिश से जुड़ा होने का अंदेशा जताया जा रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान सुनील प्रजापत (निवासी जुनी कलाल सेरी, रतलाम) के रूप में हुई है। बदमाशों ने उसे सुनसान या मौका पाकर पीठ पर गोली मारी, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों की सूचना पर पुलिस तुरंत हरकत में आई और घायल को इलाज के लिए पहले जिला अस्पताल तथा बाद में मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया के मुताबिक सुनील प्रजापत ने कुछ समय पहले प्रेम विवाह किया था। अंदेशा जताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर कुछ लोगों ने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया है। हालांकि, पुलिस हर संभावित एंगल से मामले की गहराई से छानबीन कर रही है।
