न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। शहर के सिविक सेंटर क्षेत्र में गुरुवार को प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। भारी पुलिस बल व जेसीबी के साथ पहुंचे अमले ने इलाके में बने अवैध तबेलों को हटाया। हालांकि बारिश के चलते झोपड़ियों में रह रहे लोगों को कुछ दिनों की मोहलत देकर कार्रवाई रोक दी।
दोपहर करीब 12 बजे बारिश थमते ही अमला सिविक सेंटर क्षेत्र में पहुंचा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। हालांकि वहां झोपड़ियां बनाकर रह रहे लोगों ने विरोध जताया और बारिश के चलते कुछ समय की मोहलत मांगी। इस पर एसडीएम आर्ची हरित और नगर निगम आयुक्त अनिल भाना ने मौके पर लोगों से चर्चा की और उन्हें समझाइश दी।
अधिकारियों के अनुसार यहां कई लोगों को पूर्व में बिरियाखेड़ी क्षेत्र में आवास के लिए जमीन उपलब्ध कराई गई थी। इसके बावजूद इन लोगों ने फिर से सरकारी जमीन पर कब्जा कर लिया। साथ ही क्षेत्र में अवैध तबेले भी संचालित किए जा रहे थे, जिन्हें आज तोड़ा गया है।
भाना ने बताया कि यहां 6 नई झोपड़ियां बनी है। प्रशासन इन्हें दूसरी जगह जमीन उपलब्ध कराएगा। इसके बाद उन्हें यहां से विस्थापित किया जाएगा।
इधर, प्रशासन ने फिलहाल बारिश को देखते हुए झोपड़ियों पर कार्रवाई रोक दी है। केवल अवैध तबेलों को हटाया गया है। निगम आयुक्त ने कहा कि यह सरकारी जमीन पर अतिक्रमण है। जिसे पूर्व में भी हटाया गया था, लेकिन कुछ लोग दोबारा कब्जा कर चुके हैं।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल का माहौल बना रहा, लेकिन फिलहाल झुग्गीवासियों को राहत दी गई है।
मौके पर शहर एस डी एम आर्ची हरित, तहसीलदार ऋषभ ठाकुर, दो बत्ती थाना प्रभारी स्वराज डाबी, माणकचौक थाना प्रभारी अनुराग यादव, डी डी नगर थाना प्रभारी मनीष डावर, औद्योगिक थाना प्रभारी श्रीमती गायत्री सोनी मौजूद थे।
