स्वच्छता ही सेवा- संदेश देने खिलाड़ियों के साथ दौड़े रेल अफसर, एडीआरएम ने कम उम्र वालों को भी पीछे छोड़ा
-समापन पर रेल अधिकारियों ने स्वच्छता पर अमल करने का संकल्प दिलाया।
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। साफ-सफाई का संदेश देने के लिए रेलवे द्वारा ‘स्वच्छता ही सेवा-2024’ के तहत मनाए जा रहे स्वच्छता पखवाड़े के अंतर्गत बुधवार को दौड़ का आयोजन किया गया। इसमें खिलाड़ियों के साथ ही रेल अफसरों ने भी खूब दौड़ लगाई। दौड़ में शामिल एडीआरएम का जज्बा देखते ही बना। उन्होंने कम उम्र के धावकों को पीछे रखते हुए बेहतर फिटनेस का संदेश भी दिया।

बता दें कि यह पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा। विभिन्न स्वच्छता की गतिविधियां संचालित की जाएगी। इसके तहत सुबह 8 बजे से दौड़ आयोजित की गई। इसमें पश्चिम रेलवे मुंबई से सीपीओ मंजुला सक्सेना भी शामिल हुई।
रेलवे कॉलोनी होते हुए दौड़ रेलवे ग्राउंड पर खत्म हुई। इसमें खिलाड़ियों के साथ एडीआरएम अशफ़ाक़ अहमद, सीनियर डीईएन पीयूष पांडे, सीनियर डीएफएम अंकित सोमानी, सीनियर डीपीओ अरिमा भटनागर, सीनियर डीओएम अभिनव जेएफ, सीनियर डीईई टीआरओ व आरडीएसए सेकेट्री महेश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। आयोजन शुरू होते ही स्फूर्ति दिखाते हुए सभी रेलवे ग्राउंड की ओर दौड़ते चले गए। खिलाड़ियों ने रील बनाई तो कई मौकों पर सेल्फ़ी भी ली।
पूरे साल स्वच्छता पर अमल करना है
रेलवे ग्राउंड पहुँचने के बाद सीपीओ सक्सेना तथा एडीआरएम अहमद ने संबोधित किया। एडीआरएम ने कहा कि भले ही यह पखवाड़ा दो सप्ताह का है। लेकिन हमें साफ-सफाई पर पूरे साल अमल करना होगा। ये काम सरकारों का नहीं, विभागों का नहीं बल्कि हम सभी का है। यदि हम अपने घरों के आसपास में साफ सफाई रखेंगे तो मन भी साफ रहेगा। कार्यक्रम में संचालन सीनियर डीईई टीआरओ गुप्ता ने किया। पूरे आयोजन में व्यवस्थाओं का जिम्मा वेलफेयर इंस्पेक्टर खेलकूद हरीश चांदवानी ने संभाला।
