सावरिया जी में गुर्जर गौड़ समाज का महासंगम….राधा पंचारिया कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत, सामूहिक विवाह की घोषणा, महर्षि गौतम जयंती पर अवकाश की मांग

न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम/ चित्तौड़गढ़। श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज का एक विशाल महासंगम रविवार को सावरिया जी चिघारडा रोड स्थित डीएम वाटिका में आयोजित हुआ। इसमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब और हरियाणा सहित विभिन्न अंचलों के समाजजनों ने भारी उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शिक्षाविद सावित्री प्रसाद गौतम ने की। कार्यक्रम में महर्षि गौतम जयंती पर शासकीय अवकाश की मांग की गई। साथ ही समाज में सामूहिक विवाह आयोजन पर भी जोर दिया गया।

सम्मेलन के दौरान सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर महासभा की पूर्व राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष राधा पंचारिया (मुंबई) को अखिल भारतवर्षीय श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण महासभा का कार्यकारी अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
शिक्षाविद सावित्री प्रसाद गौतम ने बताया कि पूर्व अध्यक्ष की कार्यप्रणाली के विरोध में पद रिक्त होने के कारण महासभा के सुचारू संचालन के लिए यह निर्णय लिया गया। जिसका पांडाल में उपस्थित सभी समाजजनों ने करतल ध्वनि से अनुमोदन किया।
अतिथियों का सम्मान व आभार
कार्यक्रम के दौरान पधारे अतिथियों और वरिष्ठ समाजजनों का मेवाड़ी पगड़ी, ऊपरना और शाल ओढ़ाकर भावभिना स्वागत किया गया। मंच का संचालन मधुसूदन शर्मा पंचारिया व जितेंद्र गौतम ने किया। जबकि आभार प्रदर्शन भगवान लाल तिवारी ने व्यक्त किया। महासंगम में देशभर के विभिन्न राज्यों व मंडलों के सैकड़ों गणमान्य पदाधिकारी एवं समाजजन उपस्थित रहे।

समाजोत्थान के लिए लिए गए प्रमुख निर्णय व कार्य योजनाएँ
महासंगम के दौरान समाज के विकास और सशक्तीकरण के लिए कई नवाचारों एवं रचनात्मक प्रस्तावों पर मुहर लगाई गई:
– 101 जोड़ों का निशुल्क सामूहिक विवाह: पूर्व पुलिस उप अधीक्षक ओमप्रकाश उपाध्याय ने आगामी बसंत पंचमी पर सांवलिया जी में 101 जोड़ों के सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित कराने की घोषणा की।
– मुफ्त डिजिटल जनगणना: मुख्य वक्ता अनिल जोशी (आडासर) ने आधुनिक तकनीक के माध्यम से पूरे देश में समाज की निशुल्क जनगणना कराने की कार्य योजना पर प्रकाश डाला।
– जयपुर में आगामी महापंचायत: आगामी 20 दिसंबर 2026 को जयपुर में 1 लाख समाजजनों के विशाल महासंगम और महापंचायत का आयोजन किया जाएगा।
– गौतम जयंती पर सार्वजनिक अवकाश की मांग: राजस्थान में महर्षि गौतम जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी को ज्ञापन सौंपा गया। सांसद ने इस संबंध में मुख्यमंत्री से वार्ता करने का आश्वासन दिया।
– शिक्षा, रोजगार व आर्थिक सहयोग: जरूरतमंद विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता देने, पारमार्थिक ट्रस्ट की राशि का ग्रामीण क्षेत्रों में सदुपयोग करने और परशुराम ज्ञान पीठ की स्थापना पर बल दिया गया।
– पारदर्शिता व पंजीयन: समाज के विकास के लिए 11,000 रुपये के सहयोग से सदस्यों को जोड़कर संस्था का विधिवत पंजीयन कराने और ऑनलाइन लेखा-जोखा रखने की अवधारणा रखी गई।
प्रमुख वक्ताओं के विचार
– अनिल जोशी (प्रदेशाध्यक्ष, भाजपा प्रवासी प्रकोष्ठ): “समाज सेवा के लिए पद नहीं, बल्कि त्याग और समर्पण की संकल्प शक्ति आवश्यक है। समाज के सक्षम और प्रबुद्ध जन मिलकर जरूरतमंदों का सहारा बनें।”
– जय किशन पंचारिया (पूर्व प्रधानमंत्री, महासभा): “व्यक्तिवादी संगठन से समाज का विकास संभव नहीं है। समाज की मजबूती के लिए जल्द ही व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।”
– पवन तिवारी व एडवोकेट प्रशांत शर्मा: आयोजन मंडल के प्रतिनिधियों ने कहा कि समाज की मजबूती से ही राष्ट्र का उत्थान संभव है, और ऐसे महासंगम भावी पीढ़ी के लिए मील का पत्थर साबित होंगे।
