न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम/नीमच। रतलाम रेल मंडल के नीमच रेलवे स्टेशन पर कार्यरत टिकट चेकिंग स्टाफ ने एक बार फिर यात्रियों की सुरक्षा और सेवा की मिसाल कायम की है। ऑन-ड्यूटी CCTC रामेश्वर मीना की त्वरित कार्रवाई, सजगता और मानवीय संवेदनशीलता के कारण समय पर इलाज मिलने से एक यात्री की जान बच सकी। इससे पहले भी मीणा घायल यात्रियों को अस्पताल पहुंचाकर जान बचा चुके है।

क्या था पूरा मामला?
ड्यूटी समय (14:00 से 22:00 बजे) के दौरान CCTC रामेश्वर मीना को ऑन-ड्यूटी स्टेशन मास्टर के जरिए सूचना मिली कि ट्रेन संख्या 69232 चित्तौड़गढ़–उज्जैन (COR–UJN) सवारी गाड़ी के एक कोच में सवार यात्री अचानक अचेत (बेहोश) हो गया है।
सूचना मिलते ही मीना अलर्ट मोड पर आ गए। उन्होंने बिना एक पल गंवाए सीधे संबंधित कोच में पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। यात्री को गंभीर अवस्था में बेहोश पाकर उन्होंने तुरंत उसे सुरक्षित ट्रेन से नीचे उतारा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यात्री को तुरंत व्हीलचेयर के जरिए स्टेशन परिसर से बाहर लाया गया। एम्बुलेंस के इंतजार में समय गंवाने के बजाय, बिना देरी किए ऑटो के माध्यम से यात्री को नीमच सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। त्वरित निर्णय और सही समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने की वजह से डॉक्टरों ने यात्री को तत्काल चिकित्सा सुविधा दी, जिससे उसकी स्थिति में सुधार हो सका।
इस तरह रेलवे सेवा के दौरान CCTC रामेश्वर मीना द्वारा दिखाया गया यह त्वरित निर्णय, सजगता और मानव सेवा का भाव न सिर्फ प्रशंसा के योग्य है, बल्कि अन्य रेल कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणादायी है।
