– कला व राजनीतिक परिवारों से रही रिश्तेदारी, कवि प्रदीप थे पारिवारिक सदस्य।
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। वरिष्ठ पत्रकार, रतलाम प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष तथा मध्यप्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ के वरिष्ठ नेता श्री शरद जोशी (78 वर्ष) का रविवार, 9 अगस्त को निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनका अंतिम संस्कार सोमवार, 10 अगस्त को किया जाएगा। अंतिम यात्रा सुबह 10:30 बजे उनके पैलेस रोड स्थित निवास से निकलेगी।
श्री शरद जोशी पत्रकारिता के साथ-साथ कई सामाजिक व सहकारिता संस्थाओं से भी गहराई से जुड़े रहे। साथ ही कला एवं राजनीतिक परिवारों से इनकी रिश्तेदारी रही है। कवि प्रदीप इनके पारिवारिक सदस्य रहे है।
पत्रकार जोशी रतलाम नागरिक बैंक एवं जिला सहकारी संघ के पूर्व अध्यक्ष तथा रेडक्रॉस के वरिष्ठ संचालक पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। उनके निधन का समाचार मिलते ही रतलाम सहित पूरे प्रदेश के मीडिया और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
साहस, संघर्ष का एक दौर समाप्त:- शरद जोशी केवल एक पत्रकार नहीं, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों, निष्पक्षता और पत्रकारों के अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष करने वाले एक सशक्त व्यक्तित्व थे। वे श्रमजीवी पत्रकारों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए सदैव मुखर रहे। अपने लंबे पत्रकारिता जीवन में उन्होंने निर्भीकता, निष्पक्षता और जनहित से जुड़े मुद्दों को हमेशा सर्वोपरि रखा। उन्होंने कई पीढ़ियों के युवा पत्रकारों को सिखाया कि पत्रकारिता केवल एक पेशा नहीं। बल्कि समाज व लोकतंत्र के प्रति एक बड़ी जिम्मेदारी है।
उनके निधन से मध्यप्रदेश ने एक अनुभवी, संघर्षशील और संवेदनशील मार्गदर्शक खो दिया है। उनके जाने से साहस, संघर्ष और सिद्धांतों से पहचाने जाने वाले पत्रकारिता के एक स्वर्णिम दौर का अवसान हो गया है।
कला व राजनीति से भी गहरा नाता, कवि प्रदीप से थी पारिवारिक रिश्तेदारी:- वरिष्ठ पत्रकार दिवंगत शरद जोशी का न केवल पत्रकारिता, बल्कि कला, साहित्य और राजनीतिक क्षेत्रों से भी गहरा संबंध रहा। महान राष्ट्रभक्त कवि, गीतकार एवं गायक कवि प्रदीप का रतलाम स्थित ननिहाल जोशी परिवार में ही सम्बद्ध था। इस नाते दोनों परिवारों के बीच आत्मीय रिश्तेदारी थी।

मूलतः उज्जैन जिले के बड़नगर में जन्मे कवि प्रदीप जब 90 के दशक में अपनी जन्मस्थली और रतलाम आए थे। तब शरद जोशी ने उनसे विशेष मुलाकात कर उनके साक्षात्कार लिए थे। उन्होंने कवि प्रदीप के व्यक्तित्व और कृतित्व पर कई प्रभावशील व परिनिष्ठित रिपोर्ट्स तैयार की थीं। वहीं शाजापुर से सांसद रहे स्व. नरेश मेहता सांसद तथा राज्यसभा सांसद रहे नंदकिशोर भट्ट पत्रकार शरद जोशी के मामा थे।
रतलाम प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष रहे शरद जोशी ने हमेशा पत्रकारिता के मूल्यों और जनसरोकारों को प्राथमिकता दी। कला व साहित्य जगत की महान हस्तियों से जुड़े उनके ये संस्मरण और निष्पक्ष पत्रकारिता का उनका सफर प्रदेश के मीडिया जगत में हमेशा याद रखा जाएगा।
