न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। भारतीय रेलवे में ऐसे बिरले ही शख्स होते है, जो अपनी सादगी व सदाचार से दिलों को जीतते है। शासकीय कर्म को निष्ठा से पूरा करें तथा सहपाठियों की सेवा में अपना जीवन लगाए। बाबा साहब भीमराव अंबेडकर के आदर्श मार्ग पर चलकर अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करना परमानंद की प्राप्ति से भी बढ़कर है।
रेल सेवा लगभग साढ़े तीन दशक पूरे करने वाले पीएन वर्मा (परमानंद वर्मा) का सेवा काल कुछ उपरोक्त आदर्श पंक्तियों के इर्द-गिर्द ही चलता रहा। इन्होंने अपनी सेवा, समर्पण तथा सहयोग से अधिकारियों तथा सहकर्मियों का दिल जीता। मिल के पत्थर को छुआ और सेवा समाप्ति की मंज़िल तक पहुंचे।
32 वर्ष 11 माह 01 दिन की उत्कृष्ट एवं सराहनीय रेल सेवा के पश्चात 30 जून 2026 को सेवानिवृत्त होने वाले वर्मा का संगठन पदाधिकारियों सहित इष्टमित्रों ने सम्मान किया। अभिनंदन कर शुभकामनाएं दी।
राजस्थान की धरा पर जन्में और रतलाम बनी कर्मस्थली:- वर्मा का जन्म राजस्थान के कोटा जिला के कासमपुर गाँव में 12 जून 1966 को हुआ। प्राथमिक शिक्षा से लेकर कॉलेज तक की शिक्षा राजस्थान कोटा में पूरी की। क्रमशः माध्यमिक शिक्षा 1983 में, उच्च माध्यमिक शिक्षा 1984 , स्नातक वर्ष 1987, बैचलर ऑफ एजुकेशन की डिग्री 1988, स्नातकोत्तर परीक्षा राजनीतिक विज्ञान में 1990 में एवं बेचलर ऑफ लॉ की डिग्री वर्ष 1991-92 में प्राप्त की।

इसके बाद सेवाकाल की शुरुआत 29 जुलाई 1993 को चर्चगेट मुंबई में कनिष्ठ लेखा सहायक के पद से हुई। 06 माह पश्चात स्वयं के अनुरोध पर स्वेच्छिक स्थानांतरण लेकर 14 जनवरी 1994 को रतलाम मंडल में वरिष्ठ मंडल लेखा अधिकारी के अधीन कार्यभार ग्रहण किया। तब से रतलाम ही कर्मस्थली बन गई। यहाँ कनिष्ठ लेखा सहायक के पद पर वित्त एवं पीएफ अनुभाग में कार्य किया। तत्पश्चात वर्ष 1996 में इन्हें लेखा सहायक का पद पर पदोन्नत किया गया। यहां वर्मा ने पीएफ, ई-bills अनुभाग कार्य किया। आपने वर्ष 1999 में अनुभाग अधिकारी की परीक्षा पास की। 07 नवंबर 2001 को लोअर परेल कार्यालय में अनुभाग अधिकारी का पद ग्रहण किया। वहाँ से आपका स्वयं के अनुरोध पर स्थानांतरण 17 जून 2003 को दाहोद वर्शाप लेखा कार्यालय में हुआ। 29 नवंबर 2004 को वरिष्ठ अनुभाग अधिकारी के पद पर पदोन्नति प्राप्त हुई। पुनः रतलाम मंडल मुख्यालय में वर्ष 15 नवंबर 2011 में तबादला हुआ। तब से क्रमशः कार्यलेखा (D.A.), बजट, पी. एफ., NPS-UPS ऍवं ई-bills में सेवानिवृत्ति तक अपनी सेवा वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक कार्यालय में पूर्ण की।

एसोसिएशन के पर्याय बने वर्मा:-पीएन वर्मा ऑल इंडिया एससी एसटी एसोसिएशन में अनेक पदों पर रहते कर्मचारियों की सेवा भी की। क्रमशः 1997 में मंडल के सहायक सचिव, 1998 में मंडल अतिरिक्त सचिव, 2002 में अनुभाग अधिकारी पद पर पदोन्नति बाद लोअर परेल में सहायक सचिव, 2003 से दाहोद लेखा कारखाना में स्थानांतरण होने पर 2004 से 2011 तक कारखाना दाहोद के एसोसिएशन के सचिव रहे। उसके बाद रतलाम मंडल में 2016 से लगातार वर्तमान तक मंडल मंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली।

बेहतर काम का प्रशासन से मिला सम्मान:-रतलाम मंडल में रहते वर्मा को प्रशासनिक दक्षता के एवज़ में सम्मानित किया गया। उदयपुर प्रशिक्षण केंद्र में संगीत सभा में भाग लेने के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। रतलाम मंडल में 1994-95 से 1996-97 तक लगातार 03 वर्षों तक कार्यनिष्ठा एवं असाधारण कार्य प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। 53वें रेल सप्ताह वर्ष 2007-08 और 2012-13 में FA & CAO द्वारा प्रसंशनीय कार्य हेतु योग्यता प्रमाण पत्र प्रदान किया। 30 जून 2026 को रेल सेवा से सेवानिवृत होने पर संगठन पदाधिकारी सहित इष्टमित्रों ने वर्मा के उज्जवल एवं सुखद, स्वस्थ भविष्य की कामना की।
