नो पार्किंग कार्रवाई की जद में रेलकर्मी ही….RPF ने रेलवे स्टेशन परिसर में खड़े वाहनों पर लगाए चेन-ताले
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रेलवे स्टेशन परिसर में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने रविवार को कार्रवाई करते हुए नो पार्किंग एरिया में खड़े दो पहिया वाहनों के पहियों को चेन से बांध दिया गया। लेकिन इस कार्रवाई की चपेट में अधिकांश रेलकर्मी वाहन चालक ही आए। इसे लेकर असंतोष की स्थिति भी निर्मित होने लगी है।
बता दें कि जन विश्वास (संशोधन उपबंध) अधिनियम, 2026 के तहत जुर्माने और दंड की राशि को कड़ा कर इसे और बढ़ाया गया है। आरपीएफ की कार्रवाई को भी उसी से जोड़कर देखा जा रहा है।
दरअसल स्टेशन पर अनधिकृत और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ आरपीएफ ने एक विशेष अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत पार्किंग और उसके आसपास बेतरतीब ढंग से खड़े दर्जनों वाहनों के पहियों पर लोहे की चेन डालकर उन्हें लॉक कर दिया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन मालिकों को संभवतः 2000 रुपए का जुर्माना वसूला जा सकता हैं।। जुर्माना राशि जमा करने के बाद ही वाहनों को चेन से मुक्त किया जाएगा।

क्यों पड़ी इस सख्त कार्रवाई की जरूरत? आरपीएफ अधिकारियों के मुताबिक, लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कई लोग अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्लॉट के बाहर या नो-पार्किंग एरिया में खड़ा कर देते थे। इससे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा था। बार-बार चेतावनी के बाद भी स्थिति में सुधार न होने पर यह कड़ा कदम उठाया गया है।
कर्मचारियों के लिए तय पार्किंग नही:- इधर, रेलवे कर्मचारियों के लिए पर्याप्त पार्किंग एरिया नहीं होने से आरपीएफ की इस कार्रवाई को गलत बताया जा रहा है। मामले में वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन के रतलाम मंडल अध्यक्ष ह्रदेश पांडेय ने कहा कि रेलवे स्टेशन सहित रनिंग ड्यूटी के लिए 3 हजार कर्मचारी रेलवे स्टेशन आते-जाते है। लेकिन इनके लिए स्टेशन के दोनों छोर पर पार्किंग व्यवस्था अपर्याप्त है। प्लेटफॉर्म नंबर 7 की ओर जो स्थान पार्किंग के लिए तय किया था। वहां भी प्रशासन द्वारा बिल्डिंग बना दी गई। मंडल मंत्री मनोहर बारठ ने कहा कि पार्किंग के लिए अपर्याप्त स्थान व सुरक्षा के अभाव में आए दिन रेलकर्मियों के वाहनों की चोरी हो रही है। यदि पार्किंग के बाहर वाहन खड़े कर रहे तो आरपीएफ द्वारा कार्रवाई की जा रही। यह बेहद गलत है। मामले में डीआरएम से चर्चा करेंगे।
इनकायह कहना है:-
रेलवे द्वारा रेलवे एरिया में अधिकृत पार्किंग निर्धारित किए है। आम जनता और रेल यात्रियों से अपील है कि वे असुविधा और भारी जुर्माने से बचने के लिए केवल अधिकृत पार्किंग का ही उपयोग करें।
-अमित प्रकाश मिश्र, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रतलाम रेल मंडल
