शहर में ऐसा पहला स्वतंत्रता दिवस मना….देशभक्ति और कौमी एकता की मिसाल, सम्यक गोल्ड सिटी में उमड़ा उत्साह


न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। शहर की सम्यक गोल्ड सिटी कॉलोनी में स्वतंत्रता दिवस की वर्षगांठ अभूतपूर्व उत्साह और राष्ट्रीय एकता के माहौल में मनाई गई। मुस्लिम बहुल आबादी वाली इस कॉलोनी के रहवासियों ने एक साथ मिलकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।पूरे शहर के सामने देशभक्ति एवं सामाजिक सौहार्द की एक नई मिसाल पेश की।

ध्वजारोहण के साथ गूंजा राष्ट्रगान:- समारोह का शुभारंभ गरिमामय वातावरण में ध्वजारोहण के साथ हुआ। तिरंगा फहराने के बाद सभी उपस्थित रहवासियों ने एक स्वर में राष्ट्रगान गाकर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। इस ऐतिहासिक और भावुक पल में जहां 80 वर्षीय बुजुर्ग का जज्बा देखते ही बन रहा था, वहीं महज छह माह का नन्हा अज़ान खान भी इस राष्ट्रीय पर्व का हिस्सा बना।

मासूमों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से जीता दिल:- ध्वजारोहण के पश्चात कॉलोनी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।

देशभक्ति गीत और नृत्य: बच्चों ने विभिन्न देशप्रेम के गीतों पर शानदार नृत्य और अभिनय प्रस्तुत किया। बच्चों के माध्यम से दिए गए राष्ट्रप्रेम के संदेश को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा और करतल ध्वनि से उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के दौरान पूरा सम्यक गोल्ड सिटी परिसर देशभक्ति के नारों और देशप्रेम के रंगों में सराबोर नजर आया। इस मौके पर कॉलोनी समिति के संरक्षक एहसानउल्ला खान, अध्यक्ष सैयद सदाकत अली, उपाध्यक्ष रिजवान मंसूरी, सचिव युसूफ मेव, सयुक्त सचिव समीर खान, संयुक्त सचिव श्रीमती निखत वसीम गौरी, कोषाध्यक्ष अरशद खान, संयुक्त कोषाध्यक्ष श्रीमती खालिदा खान, संगठन सचिव जवाब रहमान सहित बड़ी संख्या में रहवासी उपस्थित रहे। आयोजन को ऐतिहासिक बताते हुए आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय पर्वों को मिलकर मनाने का संकल्प दोहराया।
