न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। SaReGaMa Ratlam के तत्वावधान में गुलाब चक्कर, रतलाम पर आयोजित साहित्यिक कार्यक्रम “लफ़्ज़ों का सफ़र” (दूसरा सोपान) सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आयोजन राकेश कुमार बोरिया द्वारा किया गया। जिसमें नगर के साहित्य प्रेमियों, कवियों एवं शायरों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में प्रस्तुतकर्ताओं ने एक से बढ़कर एक शायरी, ग़ज़ल एवं कविता पाठ प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। भावनाओं, संवेदनाओं, हास्य एवं व्यंग्य से ओत-प्रोत रचनाओं ने उपस्थित जनसमूह की भरपूर सराहना प्राप्त की।
कार्यक्रम का प्रभावशाली एवं गरिमामय संचालन कुलदीपसिंह चौहान ने किया। उन्होंने अपनी ओजस्वी एवं आकर्षक शैली से पूरे आयोजन को जीवंत बनाए रखा।
इस अवसर पर शैलेन्द्र कुमार तिवारी, शैलेन्द्रसिंह पंवार, श्री विपिन शर्मा, विवेक शर्मा, मयूर व्यास एवं दुर्गेश सुरोलिया ने अपनी उत्कृष्ट रचनाओं की प्रस्तुति देकर श्रोताओं को कभी भाव-विभोर किया तो कभी हास्य की मधुर फुहारों से गुदगुदाया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि श्रोताओं में उपस्थित कई साहित्य प्रेमियों ने भी मंच पर आकर अपनी स्वरचित रचनाओं का पाठ किया।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रस्तुति देने वाले सभी रचनाकारों एवं प्रस्तुतकर्ताओं को SaReGaMa Ratlam के प्रतीक चिन्ह एवं अभिनंदन-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में आयोजक राकेश कुमार बोरिया ने सभी साहित्यकारों, श्रोताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन साहित्य, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने भविष्य में भी इसी प्रकार के साहित्यिक आयोजनों के निरंतर आयोजन का विश्वास व्यक्त किया।
