-गुरुवार को 7 टेबलों पर होगी मतों की गणना, मान्यता अधिकार का होगा फैसला
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रेलवे में संगठनों के मान्यता चुनाव के नतीजे 12 दिसंबर गुरुवार को घोषित किए जाएंगे। मंडल कार्यालय स्थित रेलवे ऑफिसर्स क्लब में मतों की गणना सुबह 8 बजे से शुरू होगी। दोपहर या शाम तक नतीजे घोषित किए जाने की संभावना हैं। मतदान के बाद से कर्मचारियों में संगठनों की स्थिति को लेकर चर्चाओं का दौर जारी रहा। कुछ चर्चाओं में वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ तो कुछ कर्मचारियों के मतानुसार यूनियन को सर्वाधिक मत मिलने की संभावना जताई जा रही है। लेकिन अधिकांश का मानना है कि दूसरे नंबर की मान्यता के लिए वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन व पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद में तगड़ी फाइट रहेगी।
इधर, बुधवार को मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर मजदूर संघ व यूनियन के पदाधिकारियों ने एडीआरएम अशफ़ाक अहमद व सीनियर डीपीओ से चर्चा की। इसमें मतगणना की चक्रवार घोषणा की मांग की गई। लेकिन इन्हें बताया गया कि नतीजे पूरी गणना के बाद ही घोषित किए जाएंगे।

फ़ोटो-मतगणना स्थल की व्यवस्थाओं को लेकर विचार-विमर्श करने दोनों संगठन मजदूर संघ व एम्प्लाइज यूनियन के पदाधिकारी कुछ यूं मिले। जब फ़ोटो क्लिक हुआ तो तनावभरे चेहरों पर एकाएक मुस्कान आ गई।
—
डाले गए 11439 मतों में से होगा फैसला
मान्यता के चुनाव में वोटिंग बैलेट पेपर द्वारा करवाई गई हैं l रतलाम मंडल में 87.87% मतदान हुआ है। जिसके कुल 11439 मत डाले गए हैं। मतों की गणना के लिए कार्मिक विभाग द्वारा पुख्ता तैयारियां की गई हैं।संगठनों की ओर से वोटिंग एजेंटों के नाम भी निर्धारित किए गए हैं। रतलाम मंडल में चुनाव में प्रमुख रूप से वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ, वेस्टर्न रेलवे एम्प्लाइज यूनियन, पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद के बीच मुकाबला है। जिस संगठन को कुल वैध मतों के 35% मत मिलेंगे, उसे मान्यता मिलेगी।इसी तरह पश्चिम रेलवे के 6 मंडलों के नतीजों में मान्यता के लिए 35% मत प्राप्त करने होंगे। तभी जोनल स्तर पर मान्यता मिलेगी। ऐसे में जोन के प्रत्येक मंडल का प्रदर्शन भी महत्त्वपूर्ण रहेगा।
इधर, पश्चिम रेलवे जोन में कुल 81.25% मतदान हुआ हैं। जिसके कुल वैध मत 70441 डाले गए हैं।
पिछली बार मजदूर संघ अव्वल रहा था
इधर मजदूर संघ पदाधिकारी के आंकड़े बताते है कि पिछले 2013 के चुनाव में जोनल स्तर पर मजदूर संघ को 45% पत मिले थे। जबकि यूनियन को 40% मत प्राप्त हुए थे। पश्चिम रेलवे जोन में मजदूर संघ प्रथम रहा था। मंडल मंत्री अभिलाष नागर का कहना है कि मजदूर संघ ने अनुकंपा नियुक्ति सहित कई काम किए। हमारा संगठन इस बार अव्वल रहेगा। यूनियन अध्यक्ष नरेंद्र सिंह सोलंकी का कहना है कि दोनों मुख्य संगठनों को ही मान्यता मिलेगी। मंडल मंत्री मनोहर बारठ के नेतृत्व में यूनियन में बेहतर चुनाव लड़ा है। यूनियन भी मतों में आगे व हमारा संगठन भारी रहेगा। परिषद के जोनल संगठन मंत्री शिवलहरी शर्मा का दावा है कि इस बार दोनों संगठनों का सूपड़ा साफ है। परिषद परचम लहराएगी, ऐसा विश्वास है।
