-महू रोड राजस्व कॉलोनी में एक समारोह के लिए लगाया गया था टेंट, एक घंटा गुल रही बिजली
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। परिवार में निजी समारोह के लिए लगाया गया टेंट बड़ी घटना की वजह बन सकता था। तेज हवा से टेंट उड़कर ऊपर जा रही हाई टेंशन लाइन में जा फंसा। धमाके के साथ फॉल्ट होने से एरिये में बिजली गुल हो गई। ग़नीमत रही कि घटना के पहले ही समारोह पूरा होने से टेंट के नीचे कोई नहीं खड़ा था। वरना बड़ा हादसा होना तय था।

यह घटना बुधवार को दोपहर बाद हुई। बिजली कंपनी के इंजीनियर के मुताबिक प्रतापनगर ब्रिज के पास स्थित राजस्व कॉलोनी में निवासी हरिनाथ सिंह के यहां पारिवारिक आयोजन था। इसमें लोग शामिल हुए थे। समारोह के लिए टेंट लगाया गया था। कार्यक्रम खत्म होने के बाद तेज हवा चलने से टेंट उड़कर ऊपर 11 केवी लाइन में जा फंसा। फॉल्ट के चलते ऑफिसर कॉलोनी, कोर्ट चौराहा, हाथी खाना नगर पालिका, जिला पंचायत के आस पास बिजली आपूर्ति ठप हो गई। मौके पर पहुंचे लाइन स्टाफ ने फाल्ट सुधारा तथा करीब 1 घंटे में आपूर्ति बहाल हो सकी। मामले में कंपनी के जूनियर इंजीनियर वीरबहादुर मरकाम ने बताया कि समारोह के दौरान टेंट बिजली लाइन में फंसता तो बड़ा हादसे की आशंका थी। जिम्मेदार को इस बारे नोटिस भेजेंगे।
