यात्री सुविधा की पहल….चित्तौड़गढ़-उज्जैन पैसेंजर अब फतेहाबाद तक चलेगी, जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस के मार्ग परिवर्तन व निरस्तीकरण के बीच रेलवे का बड़ा फैसला
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। अजमेर-चंदेरिया रेलखंड पर दोहरीकरण और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य के चलते प्रभावित यात्रियों को रेलवे ने बड़ी राहत दी है। गाड़ी संख्या 14801 जोधपुर-इंदौर एक्सप्रेस के 16 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक परिवर्तित मार्ग से चलने और 4 से 8 अक्टूबर तक रद्द रहने से यात्रियों के लिए संकट खड़ा होगा। इसे देखते हुए गाड़ी संख्या 69232 चित्तौड़गढ़-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन को अब फतेहाबाद चंद्रावतीगंज तक संचालित करने और ठहराव की स्वीकृति दे दी गई है।
यह निर्णय पश्चिम रेलवे की क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति (ZRUCC) के सदस्य शिव लहरी शर्मा की पहल पर लिया गया है।
ब्लॉक के दौरान यात्रियों को मिलेगा शाम का विकल्प:- अजमेर-चंदेरिया मार्ग पर झड़वासा-बान्दनवाड़ा और सिंगावल स्टेशनों के बीच ब्लॉक के कारण शाम के वक्त इस रूट पर यात्रा करने वाले दैनिक यात्रियों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और तीर्थयात्रियों के सामने आवागमन की गंभीर समस्या खड़ी हो गई थी। शर्मा ने इस मुद्दे को मंडल रेल प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया और मांग रखी कि पैसेंजर ट्रेन का विस्तार व ठहराव 14801 जोधपुर-इंदौर ट्रेन के समय व ठहरावों के अनुरूप फतेहाबाद चंद्रावतीगंज तक किया जाए।
मंडल रेल प्रशासन ने जनहित और यात्रियों की असुविधा को देखते हुए इस प्रस्ताव पर तत्काल मंजूरी प्रदान की। इस निर्णय से ब्लॉक अवधि के दौरान शाम के समय यात्रा करने वाले यात्रियों को एक सुगम और वैकल्पिक साधन मिल सकेगा। त्वरित फैसला लेने के लिए ZRUCC सदस्य शर्मा ने रेल प्रशासन का आभार व्यक्त किया है।
