रतलाम में बड़ा हादसा: पैराडाइज वैली में पिकनिक मनाने गए दो शिक्षकों और एक छात्र की कुंड में डूबने से मौत
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। शहर से करीब 11 किलोमीटर दूर प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पैराडाइज वैली में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। जावरा के एक निजी स्कूल से पिकनिक मनाने आए दल के दो शिक्षकों और एक 15 वर्षीय छात्र की पानी से भरे गहरे कुंड में डूबने से मौत हो गई। वहीं, स्थानीय लोगों की तत्परता से तीन अन्य बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
बचाने के प्रयास में हुआ हादसा:- जानकारी के मुताबिक, जावरा के निजी स्कूल के चार शिक्षक और 13 विद्यार्थियों समेत 17 लोगों का दल रविवार को पिकनिक मनाने पैराडाइज वैली पहुंचा था। झरने के नीचे बने कुंड में नहाते समय कुछ बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उन्हें बचाने के चक्कर में दो शिक्षक और एक छात्र भी गहरे पानी की चपेट में आ गए।
तीन बच्चे सुरक्षित निकाले गए:- मौके पर मौजूद लोगों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीन बच्चों (एक छात्र और दो छात्राओं) को डूबने से बचा लिया और तुरंत इलाज के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।
सूचना मिलते ही दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से तीनों को पानी से निकालकर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और हादसे की जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद से स्कूल प्रशासन और मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
मृतकों की पहचान:
– विजय सिंह (52 वर्ष) – शिक्षक, निवासी जावरा
– प्रिंस (28 वर्ष) – शिक्षक, निवासी जावरा
– हर्षित पाटीदार (15 वर्ष) – छात्र
