8लेन की सड़क बनी ओपन डीज़ल प्लांट…. दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बायोडीजल से भरा टैंकर पलटा, चालक घायल; ग्रामीणों में डीजल समेटने की मची होड़
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया। गुजरात से रतलाम की ओर आ रहा बायोडीजल से भरा एक टैंकर माही नदी के आगे ग्राम भीमपुरा के समीप अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में टैंकर काफी दूर तक सड़क पर घिसटता चला गया। जिससे उसमें भरा बायोडीजल बड़ी मात्रा में एक्सप्रेस-वे पर फैलकर आसपास की कच्ची नालियों में बहने लगा।
केबिन में फंसा रहा चालक, अस्पताल में भर्ती
घटना दोपहर लगभग 12 बजे की है। टैंकर पलटने के बाद उसका चालक हनुमान प्रसाद केबिन में ही बुरी तरह फंस गया। घटना की जानकारी मिलते ही डायल 112 और स्थानीय पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए चालक को सुरक्षित बाहर निकाला और उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
ग्रामीणों में बहते डीजल को भरने की होड़
टैंकर पलटने और बायोडीजल के नालियों में बहने की खबर जैसे ही आसपास के गांवों में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। लोग घरों से केन, बाल्टी और बर्तन लेकर पहुंचे और बहते बायोडीजल को भरने लगे। देखते ही देखते मौके पर डीजल ले जाने की होड़ मच गई।
पुलिस ने स्थिति पर पाया काबू
घटनास्थल पर मौजूद पुलिसबल ने मोर्चा संभालते हुए ग्रामीणों को डीजल एकत्र करने से रोका और एक्सप्रेस-वे से भीड़ को हटाया। सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र को खाली कराया गया ताकि एक्सप्रेस-वे पर किसी अन्य हादसे या आगजनी की अनहोनी को टाला जा सके। फिलहाल पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई कर रही है।
