चाकूबाजी में जेल गए आरोपी का कारनामा, मुलाकात विंडो से बनाई रील, वीडियो में उसी पैर को दिखाया, जिसे पुलिस ने फ्रेक्चर बताया था
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रतलाम की सर्किल जेल से सुरक्षा व्यवस्था की धज्जियां उड़ाने वाला एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। जेल में बंद एक आरोपी ने मुलाकात कक्ष के भीतर फिल्मी गाने पर गैंगस्टर स्टाइल में रील बनवाई है। यह अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। इस घटना के बाद जेल प्रशासन और स्थानीय पुलिस दोनों कटघरे में आ गए हैं।
जेल के भीतर से वायरल हुए इस वीडियो में आरोपी फिल्मी गाने पर थिरकता और कैमरे के सामने गोली मारने का इशारा करता दिख रहा है। हद तो तब हो गई जब वीडियो के ऊपर कैप्शन में लिखा गया— “गैंगस्टर वाला दिमाग देकर ऊपर वाले ने शरीफ घर में पैदा कर दिया।”
यह वीडियो जेल के मुलाकात कक्ष में रिकॉर्ड किया गया है। जिसने जेल सुरक्षा के दावों की पोल खोल कर रख दी है।
जेल में बंद आरोपी और उसके मददगारों की पहचान :- जेल में बंद आरोपी का नाम बाबर खान है। 10 जुलाई की रात, शनि गली कलाली में विवाद के चलते इसने मछली व्यवसायी अंकित कहार पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया था। पुलिस ने बाबर को 14 जुलाई को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे रतलाम सर्किल जेल भेज दिया गया था।
शुरुआती जांच के अनुसार, 17 जुलाई की दोपहर करीब 12:30 बजे असलम और आमिर खान नाम के दो युवक बाबर से मिलने पहुंचे थे। दोनों ने खुद को आरोपी का भाई बताया था। माना जा रहा है कि इन्हीं के मोबाइल से यह वीडियो शूट किया गया।
नियमों के मुताबिक, जेल में कैदियों से मिलने आने वाले हर व्यक्ति का बाकायदा पंजीयन होता है। पहचान पत्र देखा जाता है और कड़ी सुरक्षा जांच के बाद ही अंदर जाने की अनुमति मिलती है। इतने कड़े पहरे के बावजूद मुलाकात कक्ष तक मोबाइल पहुंच जाना जेल प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
वीडियो वायरल होने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मचा है। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज और मुलाकात रजिस्टर खंगाले जा रहे हैं। ताकि यह साफ हो सके कि मोबाइल अंदर ले जाने में किसकी लापरवाही या मिलीभगत रही।
– पुलिस के दावों पर भी उठे सवाल :- इस रील ने न सिर्फ जेल प्रशासन, बल्कि रतलाम पुलिस की थ्योरी को भी कटघरे में खड़ा कर दिया है।दरअसल गिरफ्तारी के वक्त पुलिस ने दावा किया था कि बाबर खान ने भागने की कोशिश की। जिससे गिरकर उसके पैर में फ्रैक्चर हो गया। कोर्ट में भी उसे पैर पर प्लास्टर चढ़ाकर पेश किया गया था। वायरल वीडियो में बाबर खान उसी ‘फ्रैक्चर’ वाले पैर को बेहद आसानी से उठाता और चलता हुआ दिख रहा है।
मामले में जेल उपअधीक्षक ब्रजेश मकवाने ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि जब बाबर जेल आया था। तब मेडिकल जांच में कोई फ्रैक्चर नहीं बल्कि सिर्फ सामान्य चोट थी। ठीक होने पर उसके पैर की पट्टी भी हटा दी गई थी।
