रिटायर्ड रेलवे गार्ड भागचंद के घर चोरी का सुराग नहीं…. घर के क़बाट में रखे 13 तोला सोने के जेवर हुए चोरी
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। औद्योगिक थाना क्षेत्र के विष्णुपुरी (इंद्रलोक नगर) में रहने वाले रेलवे से रिटायर्ड गार्ड भागचंद पिता लालचंद सबनानी के घर से करीब 13 तोले सोने के आभूषण चोरी के बाद आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला।
चोरी गए आभूषणों की कीमत 20 लाख रुपए से अधिक बताई जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
भागचंद सबनानी ने बताया कि घर पर पिछले सात दिनों से कारपेंटर फर्नीचर का काम कर रहे थे। घर के क़बाट में सोने के जेवर एक पोटली में बांधकर रखे थे। शुक्रवार को सुबह 10 बजे कबाट खोला तो सोने के आभूषण की पोटली रखे स्थान से गायब थी। चोरी की आशंका के चलते तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पीड़ित परिवार ने घर पर काम करने आने वाले लोगों पर शक जताया है। बताया गया कि काम करने वाले कारपेंटरों में से एक व्यक्ति पिछले दो दिनों से काम पर नहीं आ रहा है। इस बिंदु के आधार पर पुलिस ने कारपेंटर को जांच व पूछताछ में शामिल किया। घर की नौकरानी को भी थाने बुलवाया।
औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने आवेदन लेकर जांच शुरू कर दी है। लेकिन अभी चोरी के आरोपियों का कोई सुराग नहीं मिला। क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
