स्वच्छता अभियान की ब्रांड एम्बेसडर का सम्मान…..राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षिका सीमा अग्निहोत्री को मंत्री ने दिया प्रमाण-पत्र, महापौर ने थमाया गुलदस्ता
-कलेक्ट्रेट सभागृह में हुए आयोजन में श्रीमती अग्निहोत्री को किया गया सम्मानित।
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षिका सीमा अग्निहोत्री को एक बार फिर अपने गृहनगर सम्मानित होने का अवसर प्राप्त हुआ। उन्हें स्वच्छता पखवाड़े के तहत कलेक्ट्रेट सभागृह में कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप की मौजूदगी में सम्मानित किया गया।
पाठकों को बता दें कि रेलवे में कार्यरत सुरेंद्र अग्निहोत्री की पत्नी श्रीमती अग्निहोत्री रतलाम की स्वच्छता अभियान ब्रांड एम्बेसडर भी है। उन्हें गुणवत्तापूर्ण श्रेष्ठ शैक्षणिक कार्य के चलते 5 सितंबर 2024 को शिक्षक दिवस पर सम्मानित करने आमंत्रित किया गया था। इस आयोजन में राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयनित 14 एवं गतवर्ष के राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार प्राप्त 2 शिक्षकों का चयन किया गया था। इसमें श्रीमती अग्निहोत्री को भी शामिल किया गया।

लेकिन मुख्यमंत्री मोहन यादव को पितृशोक के चलते भोपाल का आयोजन निरस्त कर दिया गया था। अब उन्हें दुबारा बुलवाया जाएगा।
यह भी बता दें कि श्रीमती अग्निहोत्री वर्तमान में सी एम राइज विनोबा स्कूल रतलाम में कार्यरत है। सर्वश्रेष्ठ शिक्षक के रूप में कार्य करने पर इन्हें 2023 में राष्ट्रपति पुरस्कार, 2021 में राज्यपाल पुरस्कार, पर्यावरण संरक्षण के लिए अंतरराष्ट्रीय संस्था द्वारा प्लास्टिक टाइड टर्नर चैंपियनशिप सम्मान मिला। इसके साथ ही जिला इको क्लब मास्टर ट्रेनर,आनंद विभाग की जिला समन्वयक और अंग्रेजी की मास्टर ट्रेनर के रूप में कार्य किया। इनके यूट्यूब चैनल के माध्यम से करीब 42000 विद्यार्थी लाभान्वित हो रहे हैं।इनके द्वारा बनाए गए वीडियो को मप्र शिक्षा विभाग द्वारा सम्पूर्ण प्रदेश में दूरदर्शन के माध्यम से भी प्रसारित किया गया।
मंगलवार को रतलाम में मंत्री काश्यप द्वारा सम्मानित किए जाते वक़्त महापौर प्रहलाद पटेल के अलावा कलेक्टर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
