-रतलाम एसपी अमित कुमार ने किया एक चौकी प्रभारी सहित थाना प्रभारी के तबादले
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रतलाम में उकाला रोड गणेश स्थापना समिति के चल समारोह पर पथराव की पड़ताल लिए मजिस्ट्रेट जांच के आदेश हुए है। वहीं नवागत एसपी अमित कुमार ने पुलिस महकमे की सर्जरी की है। इसमें स्टेशन रोड थाना प्रभारी सहित अन्य के तबादले कर दिए है।
मालूम हो कि 7 सितंबर को उकाला रोड की गणेश स्थापना समिति के चल समारोह पर पथराव की खबरें आई थी। 7 एवं 8 सितंबर की मध्य रात्रि को पुलिस द्वारा बल प्रयोग किया गया। 9 सितंबर को प्रकाश मेड़ा निवासी होमगार्ड लाइन रतलाम की लाठीचार्ज से संदेहास्पद मृत्यु हुई। उक्त घटना के बाद हिन्दू जागरण मंच के बैनरतले जनाक्रोश रैली निकाली गई। इन परिस्थितियों को देखते हुए घटना की जांच के लिए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी राजेश बाथम ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी आर एस मंडलोई जांच अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जांच के तमाम बिंदु तय किए गए हैं। इसके अंतर्गत 7 सितंबर को पथराव की घटना तथा 7 एवं 8 सितंबर की मध्य रात्रि मोचीपुरा क्षेत्र में पथराव एवं बल प्रयोग की घटना किन परिस्थितियों में हुई। उसके क्या कारण रहे कि 7 एवं 8 सितंबर की मध्य रात्रि को पथराव एवं बल प्रयोग की घटना हुई। इसके लिए कौन-कौन जिम्मेदार है। क्या पुलिस द्वारा तत्परतापूर्वक कार्रवाई करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया गया अथवा नहीं। क्या पुलिसकर्मियों द्वारा बर्बरतापूर्वक लाठी चार्ज एवं अभद्र व्यवहार किया गया है। इसके लिए कौन-कौन उत्तरदायी है। क्या 9 सितंबर को प्रकाश मेड़ा की मृत्यु संदेहास्पद थी। मृत्यु का कारण क्या था तथा मेड़ा की मृत्यु के लिए कौन जवाबदार है। इन बिंदुओं पर जांच की जाएगी। इस प्रकार की घटना की भविष्य में पुनरावृति नहीं हो इसके लिए सुझाव के अलावा अन्य सुसंगत बिंदु जो जांच अधिकारी उचित समझता हो इसे शामिल किया जाएगा। जांच अधिकारी उक्त जांच उपरांत एक माह की समय अवधि में प्रतिवेदन प्रस्तुत करेंगे।
स्टेशन रोड थाना प्रभारी भोजक लाइन अटैच
दूसरी ओर रतलाम एसपी अमित कुमार पिछले दिनों पदभार संभालने के बाद एक्शन मोड में आ गए तथा विभाग में सर्जरी कर दी है। स्टेशन एक चौकी प्रभारी दिनेश भोजक को लाइन अटैच कर दिया वही अन्य फेरबदल भी किया गया।
औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी राजेन्द्र वर्मा का तबादला स्टेशन रोड थाना किया गया। प्रकाश गडरिया को रक्षित केन्द्र से प्रभारी कंट्रोल रूम रतलाम भेजा गया। चौकी प्रभारी सूखेड़ा विष्णुदयाल जोशी को थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र रतलाम तबादला किया गया। इसी तरह स्टेशन रोड थाना प्रभारी भोजक को रक्षित केन्द्र रतलाम भेजा गया।
