डॉल्फिन स्विमिंग पूल में हादसा… एक युवक ने ऊपर से छलांग लगाई, इसके पैर से पुल किनारे बैठे दूसरे युवक का मुंह टकराया, डूबने से मौत
-घटना के बाद मेडिकल कॉलेज ले जाने पर हुई मौत की पुष्टि।

न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। शहर के सैलाना रोड स्थित डॉल्फिन स्विमिंग पूल में रविवार शाम को नहाने गए युवक की डूबने से मौत हो गई। करीब 5 से 6 मिनिट तक वह पानी में डूबा रहा। बड़ी लापरवाही यह रही कि इस घटना के बाद भी स्विमिंग पूल संचालित किया जाता रहा। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने स्विमिंग पूल को बंद कराया। मामले में स्विमिंग पूल संचालक की लापरवाही उजागर हुई है।
घटना शाम करीब 4 बजे के वक्त हुई। तब अनिकेत पिता दिनेश तिवारी (18) निवासी ब्राह्मणों का वास दोस्तों के साथ डॉल्फिन स्विमिंग पूल में नहाने गया था। वह स्विमिंग पूल के किनारे पानी के अंदर पैर पसारे बैठा था। इस बीच एक अन्य युवक द्वारा ऊपर से छलांग लगाई। छलांग लगाने से इस युवक का एक पैर अनिकेत के मुंह पर लगा। इससे अनिकेत असंतुलित होकर पानी में जा गिरा। इसे देख दोस्तों ने स्विमिंग पूल में मौजूद स्विमिंग गार्ड को इसकी सूचना दी। लेकिन निकालने में देरी के चलते इसकी मौत हो गई। बताया जा रहा कि यदि समय रहते जिम्मेदार ट्रेनर या गार्ड अनिकेत को पानी से बाहर निकाल लेते तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।

इधर, पानी से बाहर निकालने के बाद अनिकेत को फौरन मेडिकल कॉलेज ले जय गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पूरे वाकिए में जिम्मेदार लापरवाह बने रहे। क्योंकि घटना के बाद भी स्विमिंग पूल करीब ढाई से तीन घंटे चलता रहा। मौके पर पहुंचे सीएसपी अभिनव वारंगे और औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी राजेंद्र वर्मा ने जांच के लिए स्विमिंग पूल को सील कर दिया।
पुलिस द्वारा जांच में स्विमिंग पूल में सुरक्षा मानको की जांच की जाएगी। जांच में जो भी कमियां दिखाई देगी।उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
