-पार्षद शबाना खलीक खान ने DRM अश्वनी कुमार को लिखा पत्र।
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। शहर की सबसे प्राचीन और मुख्य यातायात मार्ग स्थित ‘डाट की पुलिया’ के चौड़ीकरण को लेकर अब आवाज़ उठने लगी है। वार्ड क्रमांक 30 की पार्षद शबाना ख़ालिक खान ने इसके लिए मंडल रेल प्रबंधक (DRM) अश्वनी कुमार को एक पत्र सौंपकर इस कार्रवाई की मांग की है।
पार्षद शबाना खान ने अपने पत्र के माध्यम से DRM का ध्यान आकर्षित करते हुए बताया कि यह पुलिया शहर की सबसे पुरानी धरोहरों में से एक है। जो आज भी शहरवासियों और बाहर से आने-जाने वाले यात्रियों के लिए आवागमन का सबसे मुख्य व सुलभ रास्ता है। रेलवे प्लेटफॉर्म तक पहुँचने के लिए भी शहर के अधिकांश लोग इसी रास्ते का उपयोग करते हैं।
संकीर्णता और जलभराव से लोग परेशान:- पत्र में उल्लेख किया गया है कि वर्तमान समय में शहर में वाहनों की संख्या और यातायात का दबाव काफी बढ़ गया है। जबकि पुलिया की चौड़ाई बेहद कम है। इसके चलते यहाँ आए दिन भीषण जाम की स्थिति निर्मित हो जाती है। आमजन और स्थानीय रहवासियों को पुलिया पार करने के लिए घंटों अपनी बारी का इंतजार करना पड़ता है। इसके अतिरिक्त, जर्जर और क्षतिग्रस्त हो चुकी पुलिया के कारण रेलवे लाइन पर भरा पानी नीचे टपकता रहता है, जिससे दुर्घटना का अंदेशा बना रहता है।
‘मिशन रफ्तार’ योजना के तहत चौड़ीकरण की मांग:- डीआरएम से मांग की है कि इस समस्या के स्थायी समाधान हेतु डाट की पुलिया का चौड़ीकरण ‘मिशन रफ्तार योजना’ के अंतर्गत कराया जाना अति आवश्यक है। इससे न केवल यातायात सुचारू होगा। बल्कि दैनिक यात्रियों और रहवासियों को भी लंबे जाम की समस्या से मुक्ति मिलेगी।
