


न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम (शिवगढ़)। दिल्ली-मुंबई 8-लेन एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि दो बच्चों समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। झाबुआ, इंदौर और धार क्षेत्र का रहने वाला यह परिवार अर्टिगा कार से खाटूश्याम बाबा के दर्शन के लिए राजस्थान जा रहा था। इसी दौरान रतलाम जिले के शिवगढ़ के पास कार सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक से पीछे से जा टकराई।




खराब ट्रक से टकराई तेज रफ्तार कार:- मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक (RJ 14 GP 7281) में तकनीकी खराबी आने के कारण चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा किया था। रात के अंधेरे और तेज रफ्तार के कारण कार चालक को सड़क पर खड़ा ट्रक समय पर नजर नहीं आया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और वह घसीटते हुए काफी दूर जाकर पलट गई। हादसे में तीन महिलाओं और एक पुरुष की मौके पर ही दम घुटने व गंभीर चोटों से मौत हो गई।



मशक्कत के बाद निकाले गए घायल:- टक्कर के बाद कार में सवार लोग बुरी तरह अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही शिवगढ़ थाना पुलिस और एनएचएआई (NHAI) की राहत टीम एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को काटकर फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला।


चिकित्सालय में इलाज जारी, परिजनों में मातम:- दो बच्चों और तीन अन्य घायलों को रात में ही एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की खबर मिलते ही झाबुआ और आसपास के क्षेत्रों से परिजन रात में ही अस्पताल पहुंच गए। इस हादसे के बाद से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।
