बोल बम के जयकारों से गुंजायमान हुआ मार्ग: निष्ठा कावड़ यात्रा का सातरूंडा में रात्रि विश्राम, उज्जैन महाकाल के लिए कूच
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन के लिए शुक्रवार को रतलाम से रवाना हुई ‘निष्ठा कावड़ यात्रा’ भक्ति और उत्साह के वातावरण में आगे बढ़ रही है। भक्ति रस में सराबोर कावड़ियों की टोली ने सातरूंडा पहुँचकर रात्रि विश्राम किया। शनिवार सुबह कावड़िए “बोल बम-जय महाकाल” और “हर-हर महादेव” के गगनभेदी जयकारों के साथ उज्जैन महाकाल मंदिर के लिए आगे कूच कर गए।

जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत:- इससे पहले शुक्रवार को आयोजन संयोजक वैभव जाट के नेतृत्व में रतलाम से शुरू हुई इस यात्रा का मार्ग में जगह-जगह धर्मप्रेमी जनता एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा अभूतपूर्व और भव्य स्वागत किया गया। शहर के प्रमुख चौराहों और मार्ग में पड़ने वाले गाँवों में कावड़ियों पर फूल बरसाकर उनका अभिनंदन किया गया। कावड़ियों के जलपान, फलारी अल्पाहार और विश्राम के लिए भोजन व्यवस्था की गई थी।

भक्ति और भजनों की तान पर थिरके श्रद्धालु:- कावड़ यात्रा के दौरान कावड़िए कंधे पर गंगाजल और पवित्र जल से भरी कावड़ लिए, भगवा वस्त्रों में भजनों की धुन पर नाचते-गाते आगे बढ़ रहे हैं। यात्रा में युवाओं, बुजुर्गों के साथ-साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा है।
सातरूंडा में रात्रि विश्राम के दौरान बम भोले के नारे लगाए गए। जिसमें बड़ी संख्या में आसपास के ग्रामीणों ने भाग लिया।

उज्जैन में करेंगे जलाभिषेक:- कावड़ यात्रा अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए 10 अगस्त को बाबा महाकाल की पवित्र नगरी उज्जैन पहुँचेगी। जहाँ सभी कावड़िए भगवान महाकालेश्वर का पवित्र जल से जलाभिषेक कर क्षेत्र व प्रदेश की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना करेंगे।

