हिट एंड रन का मामला, टक्कर से वकील अग्रवाल की मौत।
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। सीएसपी कार्यालय के पास टॉप एंड टाउन आइसक्रीम पार्लर के सामने भारत सरकार लिखी ब्लैक कलर की जिस कार ड्राइवर ने अभिभाषक हनुमानप्रसाद अग्रवाल (65) को टक्कर मारकर काल का ग्रास बना डाला। वह कार अक्सर रेलवे अस्पताल की पार्किंग में देखी जाती रही है?
सोमवार शाम हुई घटना में कार की टक्कर से अभिभाषक अग्रवाल गिरे और चार से पांच फीट तक रोड पर घसीटते हुए चले गए। उनके पैर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोट आई।
बता दें कि घटना की जानकारी सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया को मिली तो वे स्वयं दौड़कर पहुंचे। उन्होंने एम्बुलेंस को रुकवाया और जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान रात 8.30 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कार का ड्राइवर गाड़ी को तेज रफ्तार से भगाते हुए सेंट जोसेफ स्कूल की तरफ भाग निकला। पुलिस ने सीएसपी कार्यालय के सामने सीसीटीवी फुटेज में हादसा देखा। मामले में कार मालिक के नाम व पते की वास्तविक जांच शुरू कर दी गई थी।

इधर, अभिभाषक हनुमानप्रसाद पिता भवानीप्रसाद अग्रवाल निवासी झालानी कॉलोनी की एक्सीडेंट व इनके निधन की खबर सुनते रात में बड़ी संख्या में अभिभाषक स्टेशन रोड थाने पहुंच गए। रजिला अभिभाषक संघ अध्यक्ष राकेश शर्मा व मृतक अग्रवाल के रिश्तेदार अभिभाषक मुकेश अग्रवाल के साथ पहुंचे। रात 10 बजे तक अभिभाषकों ने हादसे को लेकर जमकर गुस्सा जताया।
कार रेलवे अस्पताल के पार्किंग में खड़ी दिखी:- घटना के बाद पुलिस ने गुलमोहर कॉलोनी के यहां से टक्कर मारने वाली कार डीएल 4 सीएई 9774 जब्त कर ली। इसके आगे कांच पर रेलवे के मोनो वाला स्टीकर लगा गवर्नमेंट ऑफ इंडिया लिखा है। पीछे भारत सरकार लिखा है। रेलवे से जुड़े कार ड्राइवरों का कहना है कि कार रेलवे अस्पताल के पार्किंग में कई बार खड़ी दिखाई दी है। यह गाड़ी किसकी है, यह जानकारी नहीं है।
इधर, मामले में रेलवे अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजेश कुमार बेन का कहना है कि पार्किंग में बाहरी लोग भी वाहन खड़ा कर जाते है। एक्सीडेंट वाली कार किसी भी अस्पताल स्टाफ की नहीं है। मैं भी अपनी सफेद कलर की स्वयं की निजी कार उपयोग कर रहा हूं। आजकल वाहनों पर कोई भी भारत सरकार लिखा देता है।

बगैर फिटनेस की कार:- डीएल 4 सीएई 9774 ने टक्कर मारी है, वह किसी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से रजिस्टर्ड है। यह दिल्ली पासिंग गाड़ी 18 साल पुरानी है। इसका रजिस्ट्रेशन 12 मार्च 2008 का है। इसका फिटनेस भी 11 मार्च 202 तक व इंश्योरेंस भी 11 मार्च 2009 तक ही वेलिड था।
