जिंदगी-मौत के वो पल….ट्रेन के आगे आया युवक, चीख पुकार मची, लगाए इमरजेंसी ब्रेक, टीटीई ने पहुंचाया अस्पताल
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रेलवे प्लेटफॉर्म पर यात्री ट्रेन इंटर कर रही थी। तभी इंजिन के आगे अचानक एक युवक आ गया। लोको पायलट ने फ़ौरन इमरजेंसी ब्रेक लगाए। नजारा देख यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। युवक को इंजिन से बाहर निकाला। ग़नीमत रही कि स्पीड 10 किमी प्रतिघंटा थी। वरना जानलेवा हादसा होना तय था। उसके बाद प्लेटफॉर्म ड्यूटी कर रहे टीटीई ने इसे जिला अस्पताल भिजवाया। जीआरपी को भी सूचना दी।
यह ख़ौफ़नाक नज़ारा नीमच रेलवे स्टेशन का शनिवार-रविवार रात करीब 12 बजे का था। ट्रेन संख्या 19316 वीरभूमि एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर इंटर कर रही थी। अचानक लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए। इसके बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री चिल्लाते हुए इंजिन की ओर दौड़े। देखा तो इंजिन के नीचे युवक गिरा पड़ा था। इसे खींचकर सुरक्षित बाहर निकाला गया। यात्री के सिर व कांधे पर चोंट से खून निकल आया था।

अचानक सामने आया युवक:- घटना के बाद लोको पायलट ने रतलाम कंट्रोल पर सूचना दी कि उसे प्लेटफॉर्म पर इंजिन के सामने यात्री दिखाई दिया। इससे इमरजेंसी ब्रेक लगाने पड़े। ट्रेन भी इसी वजह से लेट हुई।
पूछताछ करने पर यात्री ने अपना नाम प्रवीण पिता मदनलाल (37 वर्ष) निवासी हनुमंतिया तहसील बदनावर जिला धार बताया। यह रतलाम से नीमच आया था। इसे कहां जाना था यह नहीं मिल पाई। बाद में प्लेटफॉर्म ड्यूटी पर मौजूद टीटीई रामेश्वर मीणा ने इसे जिला अस्पताल भिजवाया। वहां उपचार किया गया। घटना में यह पता नहीं चला कि युवक जानबूझकर इंजिन के सामने आया कि यह पटरी पार कर रहा था।
