गौ माता के लिए ज्ञापन… 27 जुलाई को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग पर कलेक्टोरेट तक रैली, सात दिवसीय संगीतमय गौ कथा आज से
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री, और मुख्यमंत्री के नाम । ज्ञापन सौंपा जाएगा।
इसके लिए गौ क्रांतिकारी संत स्वामी गौशरणानंद ने मुहिम चलाई है। इसके लिए रविवार को प्रेस क्लब भवन पर आयोजित पत्रकार वार्ता में संत श्री ने विस्तृत जानकारी दी। इस मौके पर स्वामी देवस्वरूपानंद महाराज भी मौजूद रहे।
दरअसल गौ माता की सेवा, सुरक्षा और सम्मान के उद्देश्य से शहर में 20 जुलाई सोमवार से सात दिवसीय संगीतमय गौ कथा का आयोजन होगा। कथा पटेल साहब की बगीची स्थित अमर वाटिका (रविदास कॉलोनी) में प्रतिदिन दोपहर 2 से शाम 5 बजे तक होगी। कथा का विश्राम 27 जुलाई को होगा। समापन पर गौ भक्त रैली निकालकर कलेक्टोरेट पहुंचेंगे और गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री, और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपेंगे।
गौशरणानंद सरस्वती ने बताया कि कथा से पहले सोमवार सुबह 11 बजे माणक चौक स्थित बड़ा गोपालजी मंदिर से कलश यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा घास बाजार और सायर चबूतरा होते हुए कथा स्थल पहुंचेगी। मातृशक्ति सिर पर कलश धारण करेंगी। जबकि संतश्री बग्घी में सवार होकर श्रद्धालुओं को आशीर्वाद देंगे। कलश यात्रा और कथा में शामिल श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी (भंडारा) की व्यवस्था रहेगी। बारिश को देखते हुए कथा स्थल पर वाटरप्रूफ पंडाल तैयार किया गया है।
श्रद्धालुओं के हस्ताक्षरों के साथ भेजेंगे आवेदन:– स्वामी गौशरणानंद ने बताया कि गौ माता को ‘राष्ट्र माता’ घोषित करने की मांग को लेकर अब तक 5 करोड़ गौ भक्तों के हस्ताक्षरयुक्त आवेदन प्रधानमंत्री को भेजे जा चुके हैं। 27 जुलाई को 15 करोड़ हस्ताक्षरों के साथ नया आवेदन भेजा जाएगा।
चरणबद्ध आंदोलन की कार्ययोजना:- उन्होंने कहा कि यदि मांग पर कार्रवाई नहीं हुई तो 27 अक्टूबर को प्रदेशभर के संत और गौ भक्त अपने-अपने जिलों से भोपाल में मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन देंगे। इसके बाद 27 फरवरी 2027 को देशभर के राज्यों और जिलों से संत व गौ भक्त दिल्ली पहुंचकर शांतिपूर्ण संकीर्तन के माध्यम से गौ सुरक्षा की मांग करेंगे। इसके बावजूद भी सुनवाई नहीं होने पर 16 अगस्त 2027 से पांच-पांच गौ भक्त आमरण अनशन पर बैठेंगे। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन गौ सेवा, गौ सुरक्षा और गौ सम्मान मिलने तक जारी रहेगा। पत्रकार वार्ता में आयुषी सांकला, सामाजिक कार्यकर्ता अनिल पुरोहित, शिवभक्त राजेंद्र पुरोहित सहित संत समाज उपस्थित रहा।
