न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रेलवे के मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में महिला कर्मचारी द्वारा हाजरी रजिस्टर (मस्टर) में एडवांस उपस्थिति दर्ज किए जाने का मामला सामने आया है। महिला ने दो दिन आगे तक के उपस्थिति रजिस्टर में एडवांस हस्ताक्षर कर दिए। सुबह जब अन्य कर्मचारियों ने इसे देखा, वैसे ही कानाफूसी शुरू हो गई। मस्टर के मोबाइल फोटों खींच लिए गए। अधिकारी को ख़बर लगने पर महिला सहित इंचार्ज को तलब किया गया।

दरअसल यह मामला कार्मिक विभाग से जुड़ा है।
जानकारी के मुताबिक चतुर्थ श्रेणी महिला कर्मचारी ने 17 जुलाई 2025 यानी दो दिन आगे तक मस्टर में एडवांस हस्ताक्षर कर अपनी उपस्थिति दर्शा दी। जब दूसरे कर्मचारी हस्ताक्षर करने गए तो उन्हें इसकी भनक लगी। कर्मचारियों ने मस्टर के फ़ोटो लेकर इसे अधिकारियों तक वायरल कर दिए। एपीओ एएल लबाना ने महिला सहित इंचार्ज को तलब किया।
3 दिन से मस्टर स्टेनो के पास नहीं आया, तभी कर दी गड़बड़ी:- डीआरएम ऑफिस में करीब 40 की संख्या में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी कार्यरत है। इनकी अलग-अलग विभागों में ड्यूटी लगाने का काम जैनेटर (इंचार्ज) चेतन मीणा के अधीन है। उपस्थिति को लेकर पारदर्शिता रहे, इसके लिए कार्मिक विभाग की प्रमुख अधिकारी सीनियर डीपीओ ने पिछले एक साल से मस्टर शाम को पीए स्टेनों के पास बुलवाने के इंतजाम किए है। ऐसे में कर्मचारियों की सुबह की उपस्थिति डीआरएम ऑफिस के ज़मीनी तल स्थित जैनेटर ऑफिस में तथा शाम को दूसरी मंजिल स्थित स्टेनो द्वारा दर्ज कराई जाती है। सूचना मिली कि पिछले 3 दिन से मस्टर शाम को स्टेनो के पास नहीं भेजा जा रहा था। आशंका होने पर मस्टर बुलवाया तो महिला कर्मचारी के एडवांस हस्ताक्षर की जालसाजी उजागर हुई। इधर, महिला कर्मचारी का कहना है कि उसे चश्मे की वजह से तारीख़ नहीं दिखाई दी। इसलिए गलती से एडवांस में हस्ताक्षर हो गए। यही तर्क महिला ने एपीओ लबाना के समक्ष देकर माफ़ी मांगते हुए अपनी गलती स्वीकारी।
कार्रवाई के प्रावधान:- मस्टर में छेड़छाड़ या एडवांस उपस्थिति दर्शाने पर रेलवे में कार्रवाई के प्रावधान है। पूर्व में वाणिज्य विभाग में तृतीय श्रेणी महिला कर्मचारी का तबादला तक कर दिया गया था।
