अब होगी योजनाओं की हाईस्पीड….रतलाम-इंदौर वाया फतेहाबाद व नीमच-रतलाम खंड का दोहरीकरण जल्दी ही पूरा करने का उठा मुद्दा
-पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक की सांसदों के साथ बैठक में रेल मंडल की योजनाओं पर चर्चा।
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रेल बजट में भारत सरकार द्वारा पर्याप्त फंड उपलब्ध कराया है। ऐसे में रतलाम मंडल के विभिन्न विकासात्मक योजनाओं जैसे- नीमच-रतलाम खंड का दोहरीकरण, इंदौर दाहोद नई रेल लाइन, महू सनावद आमान परिवर्तन कार्य शीघ्रता से पूरा करने, उज्जैन एवं इंदौर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य जल्दी करने तथा रतलाम-इंदौर वाया फतेहाबाद के साथ उज्जैन-फतेहाबाद खंड का दोहरीकरण को गति मिलने की उम्मीद है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल पर महाप्रबंधक पश्चिम रेलवे अशोक कुमार मिश्र की शुक्रवार को सांसदों के साथ मंडल कार्यालय रतलाम के समिति कक्ष में बैठक हुई। इसमें इन्ही मुद्दों पर चर्चा की गई।

इससे पहले बैठक की शुरूआत अतिथियों के स्वागत से की गई। उसके उपरांत पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक मिश्र द्वारा स्वागत उद्बोधन में पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल द्वारा किए जा रहे कार्यों के बारे में बताया गया। अतिथियों द्वारा सर्वसम्मति से सावित्री ठाकुर महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री को बैठक का अध्यक्ष चुना गया।
सांसदों एवं उनके प्रतिनिधियों को मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार द्वारा प्रेजेंटेशन के माध्यम से रतलाम मंडल की उपलब्धियों सहित संरक्षा, सुरक्षा एवं अधोसंरचनात्मक विकास के संदर्भ में किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी।
वर्तमान समय में रतलाम मंडल पर संरक्षा, सुरक्षा एवं यात्री सुविधा के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास के लिए किये जा रहे।
सांसदों द्वारा रतलाम मंडल के विभिन्न मुद्दों जैसे- नीमच-रतलाम खंड का दोहरीकरण, इंदौर दाहोद नई रेल लाइन, महू सनावद आमान परिवर्तन कार्य को शीघ्रता से पूरा करने, उज्जैन एवं इंदौर स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को शीघ्रता से करने, रतलाम-इंदौर वाया फतेहाबाद के साथ उज्जैन-फतेहाबाद खंड का दोहरीकरण करने को कहा। साथ ही विभिन्न स्टेशनों पर ट्रेनों का स्टॉपेज, ट्रेनों के विस्तार, इंदौर एवं उज्जैन से नई ट्रेनें आरंभ करने के साथ ही यात्री सुविधा से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। सांसदों के द्वारा 2028 में उज्जैन में आयोजित होने वाली सिंहस्थ मेला के लिए भी अलग से बैठक करने एवं उस संबंध में की जाने वाली तैयारियों की चर्चा करने के लिए सुझाव भी दिये गये।
महाप्रबंधक मिश्र ने सांसदों एवं सांसद प्रतिनिधियों के मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुनकर सभी सदस्यों को आश्वस्त किया कि आपके सुझावों पर विचार कर उचित निर्णय लेकर सूचित किया जाएगा।
इस बैठक में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर, सांसद मंदसौर सुधीर गुप्ता, सांसद इंदौर शंकर लालवानी, सांसद दाहोद जसवंत सिंह भाभोर, सांसद खंडवा ज्ञानेश्वर पाटिल, सांसद भोपाल आलोक शर्मा, राज्य सभा सांसद सुश्री कविता पाटीदार व राज्य सभा सांसद बंशीलाल गुर्जर शामिल हुए। सांसद उज्जैन अनिल फिरोजिया एवं सांसद चित्तौड़गढ़ सीपी जोशी के प्रतिनिधि इस बैठक में शामिल हुए।
रेलवे की ओर से महाप्रबंधक मिश्र एवं मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार के अतिरिक्त मुख्यालय से प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त, प्रमुख मुख्य सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर, प्रमुख मुख्य बिजली इंजीनियर, मुख्य कार्यकारी अधिकारी (निर्माण), प्रमुख मुख्य इंजीनियर, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर एवं प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक एवं उप महाप्रबंधक (सामान्य) के साथ ही रतलाम मंडल विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी भी उपस्थित रहे।

परिषद ने सांसद को दिया शिकायती पत्र:- पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद द्वारा सांसद व मंत्री को कर्मचारियों की शिकायत से संबंधित पत्र दिया।
परिषद के शिवलहरी शर्मा द्वारा पश्चिम रेलवे व मंडल स्तर पर कर्मचारियों की जो समस्याएं हैं, उन पर प्रकाश डाला।वह इन्हें जल्द से जल्द निराकरण कर कर्मचारियों को राहत देने का अनुरोध किया। परिषद के मंडल मंत्री प्रशांत पांडे, मंडल अध्यक्ष मुकेश मीणा, अनिल उपाध्याय, देवीशंकर,अनिल ओझा, मुकेश, रईस भाई, शैलेश शर्मा उपस्थित रहे।

थेलिसिमिया से पीड़ित बच्चों को दिव्यांगों की तरह रेलवे छुट कार्ड मिले :- भारतीय जनता पार्टी झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ प्रदेश सहसंयोजक एवं पूर्व पश्चिम रेलवे जोनल सलाहकार समिति सदस्य मनीष शर्मा एवं वार्ड संयोजक दीपक राजपुरोहित ने सांसद सुधीर गुप्ता, शंकर लालवानी, बंसीलाल गुर्जर व पश्चिम रेलवे महाप्रबंधक आलोक मिश्रा से चर्चा की। इन्होंने थेलिसिमिया से पीड़ित बच्चों को रेलवे छुट कार्ड से दिव्यांग कार्ड जारी करने की मांग की है। इन्होंने बताया कि थैलेसीमिया बीमारी को भारत सरकार ने दिव्यांग अधिनियम 2016 के अंतर्गत दिव्यांग श्रेणी में शामिल किया है। भारत सरकार द्वारा इस बीमारी से पीड़ित बच्चों के लिए यूनिक कार्ड जारी किए गए हैं। रेलवे द्वारा भी थैलेसीमिया पीड़ितों को दिव्यांग श्रेणी के समान कार्ड जारी किया जाए। जिससे उनको उनके विकलांगता का लाभ मिल सके।

राज्यसभा सांसद व बंशीलाल गुर्जर का स्वागत:- रेलवे महाप्रबंधक के साथ सांसदों की बैठक में आए राज्यसभा सांसद बंशीलाल गुर्जर का वेस्टर्न रेलवे एम्प्लॉइज यूनियन के पूर्व मंडल अध्यक्ष नरेंद्र सिंह सोलंकी के निवास पर स्वागत किया गया। सुरेंद्र सिंह राव के आग्रह पर वे यहां पहुंचे। नरेंद्र सिंह सोलंकी, राजेन्द्र सिंह सोलंकी, कपिल गुर्जर, आशीष नागढ़े एवं मित्र मंडल द्वारा स्वागत अभिनंदन किया गया। रेल कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर भी विस्तृत चर्चा की गई।
