गुलाब उद्यान में गूंजे मधुर युगल गीत, देर रात तक तालियों की गड़गड़ाहट से गुंजायमान रहा ‘अनमोल सुर सफर’
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। स्थानीय गुलाब उद्यान की शाम मंगलवार को ‘अनमोल सुर सफर’ के सुमधुर युगल गीतों से सराबोर रही। शाम 7 बजे शुरू हुआ गीतों का मनमोहक कारवां रात 10 बजे तक अनवरत चलता रहा। कार्यक्रम में एक से बढ़कर एक सदाबहार और पुराने गीतों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित सुधि श्रोताओं को अंत तक बांधे रखा। जो हर गीत पर तालियां बजाकर कलाकारों की हौसला अफजाई करते नजर आए।
अनमोल-सीमा सुरोलिया के संयोजन में आयोजित इस संगीतमय संध्या में स्थानीय गायकों ने अपनी गायकी का बेहतरीन जादू बिखेरा। कार्यक्रम की शुरुआत के साथ ही जैसे-जैसे शाम ढलती गई, संगीत प्रेमियों की मौजूदगी भी बढ़ती गई। पुराने दौर के मशहूर गीतों की प्रस्तुतियों पर कई भावुक श्रोताओं ने अपने-अपने अंदाज में झूमकर भावाभिव्यक्ति की।
इन कलाकारों ने दीं मनहारी प्रस्तुतियां:
कार्यक्रम में पंकज-अनीता शर्मा, अरुणा-दिलीप सोनी, सुनीता नागदे, विवेक शर्मा, शैलेंद्र तिवारी, दलजीत-सुखबीर, राकेश-रोशनी बोरिया, देवेंद्र सिंह तोमर, बी. यादव, पीहू, इदरिस जावेदी, विजेंद्र सिंह-मनवीर सिसोदिया, जलज-इंदु शर्मा और जयवंत गुप्ते सहित कई कलाकारों ने एक से बढ़कर एक युगल गीत प्रस्तुत कर समां बांध दिया।
रात 10:00 बजे तक चले इस आयोजन में दर्शक अपनी जगह पर डटे रहे और शहर के संगीत प्रेमियों ने देर रात तक इस संगीतमय सफर का भरपूर आनंद उठाया।
