ग्वालियर-रतलाम एक्सप्रेस में बवाल: AC कोच का दरवाजा बंद करने पर विवाद, कैटरिंग वेंडर ने ट्रेन अटेंडेंट को पीटा
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। ग्वालियर-रतलाम एक्सप्रेस (11125) में सफर कर रहे यात्रियों को गुरुवार सुबह उस वक्त भारी हंगामे का सामना करना पड़ा, जब ट्रेन के भीतर ही ऐसी कोच अटेंडेंट व खानपान वेंडर आपस में भिड़ गए। ट्रेन के एसी (AC) कोच का दरवाजा बंद करने जैसी मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक खानपान (कैटरिंग) वेंडर मोइन पटेल ने कोच अटेंडेंट भरत सिकरवार के साथ मारपीट कर दी।

फोटो-कोच अटेंडेंट भरत सिकरवार।
दरवाजा बंद करने को लेकर शुरू हुआ था विवाद:- प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के वक्त ट्रेन अपने गंतव्य रतलाम की ओर बढ़ रही थी। जनरल कोच व एसी कोच के बीच गेट को खुला देख अटेंडेंट भरत ने सुरक्षा और कूलिंग बनाए रखने के लिहाज से खानपान वेंडर मोइन को उसे बंद करने को बोला। वेंडर ने इस पर आपत्ति जताते कहा कि यह मेरा नहीं तुम्हारा काम है। दोनों के बीच पहले तीखी बहस हुई। जिसने देखते ही देखते विवाद का रूप ले लिया। वेंडर ने आपा खोते हुए अटेंडेंट भरत के साथ मारपीट शुरू कर दी।
यात्रियों में मचा हड़कंप, सुरक्षा पर उठे सवाल:- एसी कोच के भीतर हुई इस मारपीट से अंदर सफर कर रहे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्रियों ने नाराजगी जताते कहा कि जब ट्रेन के भीतर रेल कर्मचारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम यात्रियों की सुरक्षा का क्या होगा।

फोटो- खानपान वेंडर मोइन पटेल।
जीआरपी ने लिखवाया राजीनामा:- घटना के बाद पीड़ित अटेंडेंट भरत रतलाम जीआरपी थाना पहुंचा। अटेंडेंट ने पुलिस को कहा कि वेंडर मोइन पटेल जनरल कोच व फर्स्ट ऐसी कोच के बीच का दरवाजा खोलकर आ जा रहा था। ऐसी कोच में यात्रियों की सुरक्षा को देखते उसे दरवाजा लॉक करने को कहा। इस पर वह कहने लगा कि यह मेरा नहीं तुम्हारा काम है। उसे समझाया तो गालीगलौज कर मारपीट करने लगा। वेंडर के गले में कॉर्ड था।
इधर, मामले में जीआरपी थाना प्रभारी सोहनलाल पाटीदार ने कहा कि अटेंडेंट भरत सिकरवार ने वेंडर मोइन पिता सरदार पटेल के खिलाफ मारपीट की शिकायत दर्ज कराई। दोनों पक्षों से माफीनामा लिखवाया गया है।

फ़ोटो-जीआरपी थाना रतलाम में कार्रवाई के दौरान बैठा मोइन पटेल।
इंदौर मार्ग पर वेंडर की समस्या ज्यादा:- रतलाम-इंदौर मार्ग पर पैसेंजर सहित एक्सप्रेस ट्रेनों में अवैध वेंडर्स की समस्या ज्यादा है। डेमू सहित अन्य ट्रेनों में कचोरी-समोसा, खमण सहित हर छोटी खाद्य व फल सामग्री बेचकर समानांतर केटरिंग कारोबार चलाया जा रहा है। आपस के विवादों में चलते यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जबकि हर स्टेशन पर आरपीएफ की एरिया सीमा निर्धारित है। इसकी रोकथाम की जिम्मेदारी भी आरपीएफ की है।
