फ़ास्ट ट्रैक एक्शन…. विजिलेंस की सख्ती और खबर का असर: सीसीटीएस पदोन्नति मामले में गोपनीय विभाग के डीलिंग क्लर्क अशोक तंवर का तबादला
न्यूज़ जंक्शन-18
-मुंबई मुख्यालय के निर्देश के बाद भी की जा रही थी आनाकानी; डीआरएम के संज्ञान में मामला आते ही पौने दो घंटे में जारी हुए आदेश।
– विजेंद्र सिंह कच्छावा को मिली गोपनीय विभाग की जिम्मेदारी, वरिष्ठ अधिकारियों की कार्यशैली पर भी उठे सवाल।
रतलाम। पश्चिम रेलवे के रतलाम रेल मंडल अंतर्गत कमर्शियल विभाग में सीसीटीएस (कमर्शियल क्लर्क कम टिकट सुपरवाइजर) पदोन्नति प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं पर मुंबई विजिलेंस की कार्रवाई की चेतावनी आखिरकार रंग लाई है। शुरुआती आनाकानी के बाद कार्मिक विभाग को गोपनीय विभाग के डीलिंग क्लर्क अशोक तंवर के तबादले का आदेश जारी करना पड़ा। तंवर को गोपनीय विभाग से हटाकर ईई (EE) सेक्शन में स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि उनके स्थान पर ईडी (ED) सेक्शन से विजेंद्र सिंह कच्छावा को गोपनीय विभाग भेजा गया है।

खबर प्रकाशन के कुछ ही घंटों में हरकत में आया प्रशासन:- मुंबई मुख्यालय की विजिलेंस टीम द्वारा पत्र जारी किए जाने के बावजूद कार्मिक विभाग ने संबंधित क्लर्क को नहीं हटाया था। इस मामले को लेकर शुक्रवार सुबह 11:30 बजे ‘न्यूज जंक्शन-18’ द्वारा प्रमुखता से खबर प्रकाशित की गई। मामला डीआरएम अश्वनी कुमार के संज्ञान में पहुंचते ही प्रशासनिक स्तर पर हलचल तेज हुई और महज पौने दो घंटे के भीतर दोपहर 1 बजकर 13 मिनट पर तबादला आदेश जारी कर दिए गए।
नियमों को ताक पर रखकर की गई थी पदस्थापना:- गौरतलब है कि सीसीटीएस चयन प्रक्रिया में नियमों की अनदेखी की पुष्टि होने के बाद दीपावली से ठीक पहले मुंबई मुख्यालय की विजिलेंस टीम ने कार्मिक विभाग को पत्र भेजा था। पत्र में गोपनीय विभाग के डीलिंग क्लर्क तंवर के खिलाफ विभागीय कार्रवाई (चार्जशीट) सुनिश्चित करने और उन्हें तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए गए थे।
विजिलेंस ने स्पष्ट किया था कि गोपनीय विभाग में प्रशासनिक गतिविधियों की अत्यधिक संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी ट्रेड यूनियन से जुड़े कर्मचारी की वहां पदस्थापना नियमों के विरुद्ध है। इसके बावजूद तंवर को वहां पदस्थ रखा गया था। हालांकि, यूनियन से जुड़े सूत्रों का यह भी कहना है कि गोपनीय विभाग में अभी भी एक अन्य ट्रेड यूनियन से जुड़ी महिला कर्मचारी कार्यरत है।
वरिष्ठ अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी संदिग्ध:- इस पूरे प्रकरण में संबंधित क्लर्क को बचाने के प्रयासों के चलते सीनियर डीपीओ सोमनाथ गायकवाड़ की कार्यशैली भी संदेह के घेरे में आ गई है। सूत्रों के अनुसार, सीसीटीएस परीक्षा का पैनल तैयार करने में तंवर के अलावा ई-टी (ET) सेक्शन में कार्यरत डीलिंग क्लर्क पर भी इसी तरह की अनियमितताओं के आरोप लग रहे हैं। चर्चा है कि विभाग के कुछ वरिष्ठ अधिकारी विजिलेंस जांच के दायरे में आए अन्य दोषियों को भी संरक्षण दे रहे हैं। हालांकि, डीआरएम अश्वनी कुमार द्वारा मामले में सख्त रुख अपनाए जाने के बाद अब अन्य दोषियों पर भी गाज गिरने की संभावना जताई जा रही है।
