तेज बारिश ने हजारों यात्रियों को ट्रेनों में फंसाया….रेल यातायात ठप, बामनिया में हंगामा, नामली में बंटा खाना, सुबह से ट्रेनों में लाचार बैठे यात्री
(फ़ोटो कैप्शन:- परिचालन बाधित होने पर बामनिया स्टेशन पर ट्रेन के सामने खड़े और इंजिन पर चढ़े आक्रोशित यात्री)
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। मुंबई मंडल के घोलवड रेलवे स्टेशन महाराष्ट्र के उंबरगाव रोड रेलवे स्टेशन के बीच मूसलाधार बारिश व ब्रिज नंबर 203 के साथ-साथ पटरियों पर जलभराव के कारण रेल परिचालन बुरी तरह चरमरा गया है। कई ट्रेनें बीच रास्ते में ही खड़ी हो गईं। जिससे यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। इस बीच सैकड़ों यात्री लाचारी से ट्रेन में बैठे समय काटने को मजबूर है। वहीं यात्रियों का गुस्सा भी फूटता दिखाई दिया। हालांकि रेलवे ने स्टेशनों पर यात्रियों के लिए चाय-नाश्ता का इंतजाम किया।

बामनिया स्टेशन पर फूटा यात्रियों का गुस्सा:- रेल सेवाओं में अनिश्चितता के बीच घंटों से अटके यात्रियों के सब्र का बांध आखिरकार टूट गया। ट्रेन नंबर 09080 (अयोध्या – उधना) दोपहर 02.5 बजे बामनिया स्टेशन पर खड़ी की गई। तभी एक अन्य प्रभावित ट्रेन (नंबर 12926) के लिए ‘रिलीफ़ क्रू’ (राहत दल) उतारने के लिए रुकी थी।
लेकिन घंटों की देरी से आक्रोशित यात्रियों और स्थानीय लोगों ने ट्रेन रुकते ही विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया और पटरियों पर बैठ गए। ट्रैक बाधित होने के कारण ट्रेन रवाना नहीं हो सकी। स्थिति बिगड़ती देख रेलवे प्रशासन ने RPF और सिटी पुलिस को मौके पर बुलाया, जो स्थिति को नियंत्रित करने और ट्रैक खाली कराने में जुटे रहे।

स्टेशनों पर यात्रियों को बांटा भोजन व पानी:- ट्रेनों के लेट और अटके होने के कारण भूखे-प्यासे यात्रियों की मदद के लिए रेलवे प्रशासन और समाजसेवियों ने मोर्चा संभाला।
नामली रेलवे स्टेशन: यहाँ रुकी गाड़ी संख्या 09002 (भिवानी – मुंबई सेंट्रल स्पेशल) के यात्रियों को गर्मा-गरम दाल-चावल, खिचड़ी, पोहे, केले, बिस्किट और पीने के पानी का वितरण किया गया।

अन्य स्टेशन पर भी राहत:- रतलाम, बामनिया और लिमखेड़ा स्टेशनों पर भी फंसी हुई ट्रेनों के यात्रियों को पोहे, कचौड़ी, केले, बिस्किट और पानी की बोतलें बांटी गईं। जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिली।
छोटे स्टेशनों पर यात्रियों की फ़जीहत:- परिचालन थमने पर छोटे स्टेशनों पर फंसे यात्रियों की ज्यादा फ़जीहत हो रही है। देहरादून एक्सप्रेस सुबह से रोहलखुर्द स्टेशन पर खड़ी है। इसमें सवार यात्री चाय-पानी को तरस गए। यात्री के रिश्तेदार ग्राम आम्बा निवासी कृष्णा शर्मा ने बताया कि ट्रेन में बांसवाड़ा निवासी दामाद, बेटी और बच्चे हरिद्वार से आ रहे है। ट्रेन नागदा से 3 किमी दूर रोहलखुर्द स्टेशन पर खड़ी है। वहां रेलवे की ओर से चाय-पानी के कोई व्यवस्था नहीं है।
ये ट्रेनें रद्द और डायवर्ट की गई:- पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के अनुसार, मुंबई खंड में जलभराव के कारण 23 जुलाई को चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को निरस्त और डायवर्ट किया गया है:
23 जुलाई को ये ट्रेनें निरस्त
12909 बांद्रा टर्मिनस-हज़रत निज़ामुद्दीन गरीब रथ एक्सप्रेस
2. 12953 मुंबई सेंट्रल-हज़रत निज़ामुद्दीन अगस्त क्रांति राजधानी एक्सप्रेस
3. 12955 मुंबई सेंट्रल-जयपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस
4. 22975 बांद्रा टर्मिनस- रामनगर एक्सप्रेस
परिवर्तित मार्ग से चलने वाली ट्रेनें:
1. गाड़ी सं. 22633 (त्रिवेंद्रम – निज़ामुद्दीन एक्स.): (22 जुलाई को चली) अब वाया दौंड–जलगांव–पालधी–उधना–सूरत होकर चलेगी।
2. गाड़ी सं. 09323 (खड़ की – इंदौर स्पेशल): (23 जुलाई को चली) अब वाया लोनावला–कर्जत–पनवेल–कल्याण–इगतपुरी–जलगांव–पालधी–सूरत होकर चलेगी।
