इंदौर बुकिंग ऑफिस में भी रोस्टर में ‘मनमानी’ का खेल: चहेतों को पसंदीदा शिफ्ट, सीनियर दे रहे ‘विंडो ड्यूटी’, विजिलेंस की गाज गिरना तय!
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रतलाम में बुकिंग ऑफिस में मनमानी व अनियमितता का गरमाया मामला ठंडा नही हुआ और इंदौर रेलवे स्टेशन के टिकट बुकिंग ऑफिस में भी ऐसा ही ड्यूटी रवैया सामने आ गया है। इंदौर के टिकिट बुकिंग ऑफिस में भी नियमों को ताक पर रखकर ‘ड्यूटी रोस्टर’ में जमकर मनमानी और साठगांठ का खेल चल रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, यहाँ बुकिंग ऑफिस में जिम्मेदारों की मिलीभगत से चुनिंदा और पसंदीदा कर्मचारियों को उनकी मनपसंद शिफ्ट का फायदा पहुंचाया जा रहा है। जबकि बाकी कर्मचारी निर्धारित व्यवस्था की बलि चढ़ रहे हैं।
पसंदीदा कर्मचारियों की ‘फिक्स’ शिफ्ट का खेल:- बुकिंग ऑफिस में तय विंडो और फिक्स ड्यूटी का पूरा ढांचा ही सवालों के घेरे में है। यहाँ ड्यूटी रोस्टर की धज्जियां उड़ाते हुए कुछ खास कर्मचारियों के लिए समय बिल्कुल फिक्स कर दिया गया है।
यह ‘स्पेशल ट्रीटमेंट’ किस आधार पर दिया जा रहा है, इसे लेकर अब स्टेशन परिसर में ही असंतोष और चर्चाओं का बाजार गर्म है।
सीनियर का कुर्सी छोड़ ‘विंडो ड्यूटी’ करना खड़ा कर रहा गंभीर सवाल:- रेलवे नियमों के मुताबिक जिस सीनियर कर्मचारी को ग्रेड-पे के आधार पर इंचार्ज की जिम्मेदारी संभालनी चाहिए। उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों से पल्ला झाड़ते हुए कुर्सी अपने से निचले ग्रेड के कर्मचारी को सौंप रखी है।
ताज्जुब की बात यह है कि सीनियर कर्मचारी खुद इंचार्ज की जिम्मेदारी संभालने के बजाय विंडो ड्यूटी कर रहे हैं। आखिर यह विंडो ड्यूटी किस खास वजह या “फायदे” के लिए की जा रही है? यह अपने आप में बड़ा जांच का विषय है। इतना ही नहीं, यह भी सनसनीखेज खुलासा हुआ है कि सीनियर कर्मचारी अपनी नियमित ड्यूटी के घंटों के दौरान बिना किसी डर के 1 से 1.5 घंटे के लिए घर निकल जाते हैं।
फैमेली प्लानिंग उपचार के नाम पर दो साल से ड्यूटी:- ड्यूटी के नाम पर अनियमितता का यह खेल उपचार के नाम पर भी चल रहा है। बताया जा रहा कि महिला क्लर्क द्वारा डैमेली प्लानिंग उपचार के नाम पर दो साल से फिक्स ड्यूटी कर रही है। दो साल पहले रिक्वेस्ट पर अधिकारी ने ड्यूटी में राहत दी थी। लेकिन अभी तक कोई चिकित्सकीय दस्तावेज विभाग को न दिखाए, नहीं जमा कराए गए।
इंदौर में इस तरह चल रही ड्यूटी
– राम हंस मीना: सुबह 06:00 से दोपहर 14:00 बजे तक।
– प्रतिभा यादव: सुबह 10:00 से शाम 18:00 बजे तक।
– नितिन बोरासी: दोपहर 12:00 से रात 20:00 बजे एवं सुबह 06:00 से दोपहर 14:00 बजे तक। (महू से अपडाउन)
– अंकुर शर्मा: सुबह 10:00 से शाम 18:00 बजे तक।
-रोबिन निनामा:- अधिकांश सुबह या दोपहर की ड्यूटी। (महू से अपडाउन)
रतलाम में विजिलेंस की दो दिवसीय रेड से हड़कंप:- रतलाम बुकिंग कार्यालय में ड्यूटी रोस्टर और NIT सिस्टम में हेराफेरी की आशंका को लेकर न्यूज़ जंक्शन-18 द्वारा प्रमुखता से खबर का प्रकाशन किया गया था। खबर का असर यह हुआ कि विजिलेंस की टीम हरकत में आई और बुधवार रात तथा गुरुवार पूरे दिन यानी लगातार दो दिनों तक सघन जांच-पड़ताल की।
कर्मचारियों के बयान दर्ज करने के बाद साक्ष्य के तौर पर रोस्टर और NIT रजिस्टर की तस्वीरें ली गईं। विजिलेंस की छापेमारी की खबर मिलते ही एसीएम राजेश तन्ना खुद बुकिंग ऑफिस पहुंचे। पूरे मामले को संज्ञान में लेते हुए सीनियर डीसीएम हिना केवलरामानी को विस्तृत जानकारी से अवगत कराया।
विजिलेंस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब इंदौर बुकिंग ऑफिस के उन कर्मचारियों और अधिकारियों की धड़कनें तेज हो गई हैं। जो लंबे समय से इस रोस्टर और फिक्स ड्यूटी के खेल में शामिल थे। विजिलेंस की जांच रिपोर्ट के बाद इस सिस्टम में बैठे ‘मास्टर्माइंड्स’ पर क्या गाज गिरती है! यह आगे की कार्रवाई तय करेगी।
