स्थापना विभाग में बाबू राज और मनमर्जी के आलम….पदोन्नति अटकने से रेलकर्मियों को आर्थिक और वरिष्ठता का नुकसान, कोई ध्यान देने वाला नहीं
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। डीआरएम (मंडल रेल प्रबंधक) कार्यालय के स्थापना विभाग में बाबुओं की कार्यप्रणाली और मनमर्जी को लेकर रेल कर्मचारियों में भारी रोष व्याप्त है। विभाग की लेटलतीफी और नियमों की अनदेखी के कारण कर्मचारियों को न केवल आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। बल्कि उनकी वरिष्ठता (सीनियरिटी) भी प्रभावित हो रही है। दूसरी ओर 4600/ ग्रेड की वेकेंसी खाली होने के बाद भी कर्मचारियों को पदोन्नति से वँचित रखा जा रहा है।
जुलाई से अटकी है चेकिंग स्टाफ की पदोन्नति सूची:- मामला वाणिज्य विभाग में सीटीआई (CTI) / लेवल-7 (4600 ग्रेड पे) की पदोन्नति से जुड़ा है। इसके लिए विभाग द्वारा फाइनल पैनल की ‘ए’ और ‘बी’ सूची जारी की गई थी। नियमों के अनुसार, यदि ‘ए’ सूची का कोई कर्मचारी किसी कारणवश पदोन्नति नहीं ले पाता है। तब उसके स्थान पर ‘बी’ सूची से वरिष्ठता के आधार पर कर्मचारी का चयन किया जाना था।
कर्मचारियों का आरोप है कि ‘ए’ सूची से दो कर्मचारियों की पदोन्नति न हो पाने के बावजूद ‘बी’ सूची से एक भी कर्मचारी को मौका नहीं दिया गया। 1 जुलाई से ‘ए’ सूची के सभी कर्मचारियों की पदोन्नति हो चुकी है। बावजूद ‘बी’ सूची के कर्मचारी के लिए जुलाई से लेकर अब आधा नवंबर बीत जाने के बाद भी 4600 ग्रेड पे की सूची जारी नहीं की गई। कर्मचारी इसके जारी किए जाने का इंतजार कर रहे हैं। कर्मचारियों का कहना है कि यदि इस देरी के दौरान कोई पात्र कर्मचारी सेवानिवृत्त हो जाता है। तब उसे बड़ा आर्थिक और पद का नुकसान उठाना पड़ेगा।
पीआरकेपी ने दी आंदोलन और उच्चाधिकारियों से शिकायत की चेतावनी:- पश्चिम रेलवे कर्मचारी परिषद ने इस मामले में कड़ा रुख अपनाते हुए जल्द से जल्द 4600 ग्रेड पे के चेकिंग स्टाफ की पदोन्नति सूची जारी करने की मांग की है। परिषद के जोनल संगठन महामंत्री शिवलहरी शर्मा ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी लिखित ज्ञापन दिया जा चुका है। यदि शीघ्र ही सूची जारी नहीं की गई। तब पूरे मामले को सीपीओ और डीआरएम के संज्ञान में लाकर कार्रवाई की मांग की जाएगी।
दूसरी ओर 4600/ ग्रेड की वेकेंसी खाली है। इसके बाद भी कर्मचारियों को पदोन्नति से वँचित रखा जा रहा है। इसे बाबू राज ही माना जा रहा है।
सीसीसीटीएस परीक्षा पैनल निरस्त कर दोबारा परीक्षा की मांग:- दूसरी ओर, सीसीसीटीएस (CCCTS) परीक्षा के जारी किए गए पैनल में अनियमितता सामने आने के बाद गोपनीय विभाग के डीलिंग क्लर्क पर तबादले की कार्रवाई की गई है। इस कार्रवाई के बाद परिषद ने उक्त पैनल को ही पूरी तरह निरस्त करने की मांग उठाई है। परिषद का कहना है कि जब अनियमितता सिद्ध हो चुकी है, तो पुराने पैनल को रद्द कर नए सिरे से पारदर्शी प्रणाली के तहत परीक्षा आयोजित की जाए। ताकि योग्य और वंचित कर्मचारियों को न्याय मिल सके।
