न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। लोक आस्था के प्रतीक और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा का आज उगते सूर्य की आराधना एवं अर्घ्य अर्पित करने के साथ विधिवत समापन हो गया। सनातन परंपरा के इस पावन पर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। जिसके बाद खरना, डूबते सूर्य को अर्घ्य और अंत में उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ 36 घंटे के निर्जला व कठिन व्रत की पूर्णता हुई। कठिन तप और संयम से भरे इस महापर्व में श्रद्धालुओं की अटूट आस्था के आगे सभी कष्ट नतमस्तक नजर आए। खरना पूजन के दूसरे दिन लेनार्ड सिटी परिसर में छठी मैया के व्रत और अर्घ्य देकर सुख, शांति व समृद्धि की कामना की गई।

बता दें कि पौराणिक मान्यता के अनुसार, भगवान महादेव की पुत्रवधु द्वारा सर्वप्रथम इस उपासना को किए जाने की सनातन परंपरा आज भी उसी श्रद्धा और भक्ति के साथ निभाई जा रही है।
दीपक गुप्ता के निवास पर खरना का भव्य आयोजन:- छठ महापर्व के अंतर्गत खरना पूजन का भव्य आयोजन वेस्टर्न रेलवे मजदूर संघ के शाखा सचिव एवं समाजसेवी दीपक गुप्ता के निवास स्थान पर किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन में भाग लिया और श्रद्धापूर्वक खरना का प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान महिलाओं द्वारा छठ पूजा के पारंपरिक सामूहिक गीत भी गाए।

लेनार्ड सिटी सहित विभिन्न घाटों पर उमड़ी आस्था:- छठी मैया के व्रत और अर्घ्य देने के लिए शहर में विभिन्न स्थानों पर अस्थायी घाटों का निर्माण किया गया। जहाँ उत्तर भारतीय समाज के सैकड़ों परिवारों ने पारंपरिक रीति-रिवाज से छठ पूजा संपन्न की। शहर के लेनार्ड सिटी में पूजा समिति द्वारा आकर्षक घाट सजाया गया। जहाँ श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान के उत्तम स्वास्थ्य और समाज कल्याण की कामना के साथ सूर्य देव व छठी मैया को अर्घ्य दिया। इस पावन अवसर पर बिहार से विशेष रूप से पधारीं श्रीमती आरती गुप्ता ने भी नगर के घाट पर पहुँचकर छठ पूजा का व्रत एवं पूजन किया।

इनकी रही प्रमुख उपस्थिति:- छठ पूजा के विभिन्न आयोजनों में मुख्य रूप से दीपक गुप्ता, राजीव रंजन, अमरजीत मौर्य, संजय सिन्हा, दिनेश कुमार, अभिषेक कुमार, चंद्रशेखर चौरसिया, प्रियरंजन श्रीवास्तव, बलराम शर्मा, रामप्रवेश कुमार, अवधेश प्रसाद, अविनाश प्रसाद, प्रभुनाथ प्रसाद, रंजीत कुमार, राजेश पंडित, ओमप्रकाश प्रसाद, विनय मौर्य, राजेश मौर्य और योगेन्द्र पासवान सहित सैकड़ों श्रद्धालु अपने परिवारजनों के साथ उपस्थित रहे।
