Logo
ब्रेकिंग
भाजयुमो जिला मंत्री ऋषभ दुबे ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से भेंट कर दी दीपावली व नूतन वर्ष की शु... दीपावली की मिठाई काम आई, ड्राइफ्रूट्स के मगज के लड्डू बना लेंगे, ...इंजिन वाले ऑफिस में खूब हुई 'बधा... ​फ़ास्ट ट्रैक एक्शन.... विजिलेंस की सख्ती और खबर का असर: सीसीटीएस पदोन्नति मामले में गोपनीय विभाग के ... पैनल रोकना पड़ा भारी: सीसीटीएस पदोन्नति धांधली पर विजिलेंस का कड़ा रुख, दोषी डीलिंग क्लर्क पर कार्रव... भाजपा मनाएंगी जनजातीय गौरव दिवस....कैबिनेट मंत्री काश्यप ने कहा- देश के सर्वोच्च पद पर जनजातीय बेटी ... सीसीटीएस पदोन्नति प्रक्रिया में बढ़ा विवाद..... गोपनीय विभाग के डीलिंग क्लर्क पर विजिलेंस जांच शुरू; ... टीटीई का वसूलीनामा...  AC में अपग्रेड के नाम पर वसूले 400 रुपए नकद, रसीद मांगने पर दी धमकी, बोला अधि... ​लापरवाही की आग में अनदेखी का धुंआ....रतलाम डीआरएम ऑफिस परिसर में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी; बिजली ... खुशियों के बीच सफर बना परिवार: ट्रेन स्टाफ के साथ टीटीई ने बांटी दीप पर्व की खुशियां" हादसा टला: ढोढर स्टेशन पर डेमू ट्रेन का पहिया जाम, बोगी काटकर ट्रेन को रतलाम रवाना किया

दीपावली की मिठाई काम आई, ड्राइफ्रूट्स के मगज के लड्डू बना लेंगे, …इंजिन वाले ऑफिस में खूब हुई ‘बधाई रेस’,….बड़े साहब ने नगद ने देखी रामायण,….दीपावली पर फ्री में आतिशबाजी का आनंद

जलज शर्मा, रतलाम। 

दीपावली के लिए मिठाई व ड्रायफ्रूट्स के पैकेट की दो बत्ती इंजिन वाले ऑफिस में जमकर खपत हुई। पैकेट्स से भरी ठेकेदारों की गाड़ियां सीधे पिछले गेट से ऑफिस में आकर रुकी। लेकिन मिठाई बांटने के बाद पैकेट को घर ले जाने का धर्मसंकट खड़ा हो गया। फिर क्या था, लगाई अपनी जुगाड़। छोटे बाबू तो शाम के अंधेरे में पैकेट जैसे-तैसे घर ले पहुंचे। लेकिन अफसरों के पैकेट कैसे बंगले तक ले जाए। यह समस्या थी। साहब ने घंटी पर बैठने वाले कर्मचारी और ड्राइवर को कहा कि जब सभी कर्मचारी घर चले जाएं। तब चुपचाप इन्हें मेरी गाड़ी में रख देना।

इधर, कई बाबू कर्मचारियों के घर तो ढेर सारे पैकेट इकट्ठा हो गए। इन्हें जैसे तैसे निपटाए। दीपावली के बाद जब ऑफिस खुला तो दो बाबू कर्मचारी आपस में बतिया रहे थे। एक बोला- यार, मेरे घर ‘गलाराम’ की मिठाई तो पड़वा वाले दिन ही बढ़िया गल (खप गई) गई। लेकिन पत्नी ने ड्रायफ्रूट्स के पैकेट घर की आलमारी में छुपाकर रख दिए थे। क्योंकि आगे ठंड के दिन आने वाले है। जब मगज के लड्डू बनाएंगे तो सभी ड्रायफ्रूट्स डालने में काम आ जाएंगे। दूसरे ने कहा- हमको शुगर है भाई। दीपावली पर 10 से 12 मिठाई के खोके पैकेट आ गए। इतने को क्या करें…। इसलिए पत्नी जी ने कुछ डिब्बे उसके मायके भिजवा दिए। फोन लगाया तो मम्मी जी (सासुजी) को ‘गलाराम’ का केसर खोपरापाक खूब भाया।
इधर, ऑफिस की एक मेडम जी के बंगले पर काजुकतली के ढेर सारे पैकेट इकट्ठे हो गए। गिफ्ट भी अलग से आ गए। इसी तरह इंजीनियरिंग विभाग वाले आयुष जी के लिए ‘मोदी ब्रांड’ की मिठाई के अलावा बड़े-बड़े गिफ्ट पैकेट सीधे बंगले पर अनलोड करवा दिए। इनके यहां ड्रायफ्रूट्स तो इतने आ गए कि यदि ये इसे बाजार में सप्लाई करें तो अच्छे से उगाई आ जाए। दरअसल इस बार ठेकेदारों ने भी साहब लोगों की ख़ास पसंद काजुकतली के ही बल्क में आर्डर दिए। तांकि उन्हें यह उपहार देंगे तो यह मिठाई लंबे समय तक काम आती रहेगी। साहब भी खाते-खाते याद रखेंगे। जल्दी से बिल पास होंगे और अगला टेंडर भी मिलने में आसानी रहेगी। दूसरी ओर कंस्ट्रक्शन तथा सिंग्नल व टेलीकॉम विभाग वाले साहब लोग और भी ज्यादा मजे में रहे। ठेकेदारों को मालूम था कि साहब लोग दीपावली मानने जल्दी घर निकल जाएंगे। इसलिए घन तेरस के पहले ही इनके ठेकेदार पैकेट ले-लेकर पहुंच गए। इनका ऑफिस एक तरफ होने से फायदा भी मिला। परबारे ये बिल्डिंग की साइड से उतरकर धीरे से गाड़ी में जा बैठे। बाद में सभी पैकेट अपने-अपने घर ले उड़े।
हे प्रभु, जगन्नाथम। इन डिब्बे वाले कर्मचारियों और अफ़सरो की दिवाली तो चक में रही। लेकिन इनको बड़े साहब से सीख लेना चाहिए। बड़े साहब ने किसी से मिठाई का टुकड़ा तक नहीं लिया। हैरिटेज वाले बंगले पर दीपावली मिलन के लिए संगठन वाले जब उनसे मिलने गए। तब साहब के घर मिठाई कम पड़ गई। बाद में साहब ने सभी को मिठाई के आधे-आधे टुकड़े देकर मुंह मीठा करवाया। एक बात तो कहना पड़ेगी….। साहब भोले है तो इनके सीधेपन का ये अफ़सर लोग खूब फायदा उठा रहे है।

इंजिन वाले ऑफिस में खूब हुई ‘बधाई रेस’, एक गुट पहुंचा तो पीछे-पीछे लपके दूसरे संगठन:- दीपावली हो और इसके बहाने रेल संगठनों के बीच अफ़सरों से मेल मिलाप और ‘नंबर वन’ दिखने की होड़ न मचे, ऐसा भला कैसे हो सकता है। ‘इंजन वाले ऑफिस’ में त्योहार के बाद पहले वर्किंग-डे पर कुछ ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला। अफसरों को दीपावली की शुभकामनाएं देने के लिए रेल यूनियनों के बीच जैसे होड़ ही मच गई।
​सुबह 11 बजे सबसे पहले मजदूर वाले संगठन के नेता इकट्ठे हुए। कम हाइट वाले एक कर्मचारी को बड़ा सा मिठाई का डिब्बा पकड़ाकर उसे चौधरी बना दिया। बड़ी हाइट वाले कर्मचारी खाली हाथ चल रहे थे। इस डिब्बे में ‘पतली-पतली’ मावे वाली कतली सजाकर रखी थी। ताकि एक ही डिब्बे से सभी को निपटा दिया जाए। ये सभी मिठाई का डिब्बा लेकर सीधे अफसरों के केबिन में जा पहुंचे। उन्होंने मुस्कुराते हुए अफसरों का मुंह मीठा कराया। शुभकामनाएं दीं।

​ऑफिस के गलियारों में कोई बात छुपती कहां है! जैसे ही घोसलें ब्रिगेड वाले दूसरे संगठन के पदाधिकारियों को इस ‘मुलाकात’ की भनक लगी। आनन-फानन में वे भी पेंट-शर्ट की शर्टिंग कर और चमकीले फॉर्मल लेदर शूज पहनकर ‘मनोहर’ पल को भुनाने दूसरे गेट पर इकट्ठा हो गए। एक नेताजी तो जल्दबाज़ी में शर्टिंग करना भूल गए थे। तुरंत उन्होंने पहली मंजिल के शौचालय में जाकर शर्टिंग की और वह बाहर आ गए। ये भी अफसरों के दफ्तर की ओर लपक पड़े। ताकि उपस्थिति दर्ज कराने में वे कहीं पीछे न रह जाएं।
दो संगठनों की इस सक्रियता को देख भला तीसरा संगठन कैसे शांत बैठता? कुछ ही देर में ‘प्रेम’ करने वाले ऑफिस से तीसरे संगठन के नेता भी अपनी ‘फ्रेम’ दिखाने तैयार होकर पहुंचे। कई नेताओं ने तो दीपावली पर नाई के यहां जाने के बजाय बालों में घर ही डाई लगा ली थी। इसलिए सिर के आसपास चमड़ी पर कलर के दाग लग गए। ये कलर के निशान दो दिन बाद भी नहीं निकले। एक नेताजी तो छांव में भी धूप का काला चश्मा पहने चल रहे थे। ऐसे में अफसरों से मिलने के बहाने इनका भी अच्छा-खासा हुजूम गलियारों में चक्कर काटता दिखाई दिया।
हे प्रभु जगन्नाथम, रेलवे परिसर में दिन भर यह रोचक घटनाक्रम चर्चा का विषय बना रहा। कर्मचारियों के बीच चुटकी ली जाती रही कि यह दीपावली का स्नेह मिलन कम और अफसरों की नजरों में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराने की ‘मीठी रेस’ ज्यादा नजर आ रही थी।

बड़े साहब ने नगद ने देखी रामायण:- रेल मंडल के बड़े साहब ने दीपावली के उपलक्ष्य में बड़े बजट की मूवी ‘रामायण’ नगद में देखी। साहब पहले आयुष जी के चक्कर मे आकर अहिल्या नगरी क्रिकेट मैच देखने साथ चले गए थे। लेकिन क्रिकेट की किरकिरी से साहब ने बहुत कुछ सबक लिया। कमाए-धमाये वो और बदनामी फ़ोकट की अपनी। इसलिए इस बार वे आयुष जी के ज़रा भी चाले (बहकावा) नहीं लगे। इन्होंने हजार रुपए के टिकिट मंगवाए और बिना किसी से बोले चुपचाप पिक्चर देखकर आ गए। क्योंकि आयुष जी तो समन्वय करने के चक्कर में अच्छे-अच्छे को मरवा देते है।
हे प्रभु, जगन्नाथम। बड़े साहब ने सोचा होगा कि दीपावली पर किसी से मिठाई नहीं ली तो पिक्चर का एहसान क्यूं लूं….।

दीपावली पर फ्री में आतिशबाजी का आनंद:- इस बार इंजिन वाले आफ़िस में सफाई ठेकेदार ने दीपावली के दिनों में बेहतरीन आतिशबाजी के इंतज़ाम किए। हुआ यूं कि सभी ने अपने-अपने घरों में फटाखे फाड़े। ऑफिस परिसर में कही भी आतिशबाजी देखने को नहीं मिली। ऐसे में दीपावली के पहले से ऑफिस के परिसर का सारा कचरा पिछले गेट पर इकट्ठा करवाया गया। बाद में इस कचरे से बेहतरीन आतिशबाजी करवाई। ऐसा नज़ारा तो रावण दहन के दौरान भी देखने को नहीं मिला। हालांकि लपटें तेज होने से ऑफिस की केबल जलना शुरू हुई। तब अफसरों ने ताबड़तोड़ फायर ब्रिगेड वाहन बुलवाया और आग पर काबू पाया।
हे प्रभु, जगन्नाथम। जिम्मेदार अफ़सर की निगाहें मिठाई और गिफ्ट पर टिकी रही। तब भला कचरा देखने और इसे फेंकने के इंतज़ाम को कौन देखें। बिल पास करेंगे तो लिफाफे का इंतज़ाम भी होगा ही न…।

Leave A Reply

Your email address will not be published.