न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रतलाम मंडल की मुस्तैदी और संवेदनशीलता के कारण एक 12 वर्षीय बालक सुरक्षित अपने परिवार के पास पहुँच गया है।
जानकारी के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 5 और 6 पर गश्त के दौरान सब इंस्पेक्टर कमलेश पाटीदार एवं कांस्टेबल मेवालाल यादव ने रात लगभग 10:00 बजे (ट्रेन संख्या 12493 के आगमन के समय) एक बालक को अकेले घूमते हुए देखा। संदिग्ध स्थिति में बालक को देखकर आरपीएफ जवानों ने उससे पूछताछ की।
पूछताछ में बालक (12 वर्ष) व पिता रिंकू सिंह, निवासी गीता नगर, सन विहार, वापी (गुजरात) बताया। बालक ने स्वीकार किया कि वह परिजनों से नाराज होकर बिना बताए घर से निकल आया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ टीम ने तुरंत संबंधित विभागों एवं चाइल्ड हेल्प लाइन/स्थानीय प्रशासन से समन्वय स्थापित किया और बालक के परिजनों से संपर्क साधकर उन्हें रतलाम बुलाया। आवश्यक कानूनी व प्रशासनिक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद बालक साहिल को सकुशल उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
बालक को सुरक्षित पाकर परिजनों के चेहरे खिल उठे। उन्होंने आरपीएफ रतलाम स्टाफ, विशेष रूप से सब इंस्पेक्टर कमलेश पाटीदार और कांस्टेबल मेवालाल यादव की सतर्कता, सूझबूझ और मानवीय कार्यशैली का हृदय से धन्यवाद किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
