सेवा संकल्प यात्रा: कल रतलाम में प्रवेश करेगी, स्वच्छता वीरों का सम्मान कर मक्सी में युवाओं ने दिया जन-सेवा का संदेश
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम/ मक्सी (शाजापुर): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में भारतीय जनता युवा मोर्चा द्वारा ‘जल, जन एवं सेवा संकल्प यात्रा’ निकाली जा रही है। वाराणसी से वडनगर तथा वडनगर से वाराणसी तक आयोजित इस यात्रा के 13वें दिन (29 सितंबर) शाजापुर जिले के मक्सी में पटेल मार्केट (ए.वी. रोड) पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। यात्रा गुरुवार को रतलाम पहुंचेगी।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि शाजापुर विधायक अरुण सिंह भिमावत, विशिष्ट अतिथि भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष श्याम टेलर, जिलाध्यक्ष डॉ. रवि पांडेय, नगर परिषद अध्यक्ष मोहन सिंह पटेल, वार्ड क्रमांक 10 के पार्षद भगवान सिंह मंडलोई अन्य विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में लगभग 160 कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय नागरिकों की सहभागिता रही। जहाँ समाज में अतुलनीय योगदान देने वाले स्वच्छता कर्मियों का भावभीना सम्मान किया गया। उनसे सीधा संवाद कर उनके कार्यों की सराहना की गई। इस दौरान दिव्यंगजनों को उपकरण वितरित किए गए तथा सम्मान किया गया।
यात्रा का मार्गदर्शन युवा मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष अनिल वर्मा द्वारा किया जा रहा है। रतलाम जिले का प्रतिनिधित्व युवा मोर्चा के जिला मंत्री ऋषभ दुबे कर रहे हैं। बाइक यात्रियों और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का प्रत्येक पड़ाव पर भारतीय जनता पार्टी के सांसदों, विधायकों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा जगह-जगह भव्य स्वागत किया जा रहा है।

ऋषभ दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि यात्रा मक्सी से उज्जैन होते हुए बुधवार को हिंगोरिया पहुंची है। इसके बाद 1 अक्टूबर 2026 गुरुवार को यात्रा का रतलाम जिले में भव्य आगमन होगा। जहाँ कार्यकर्ताओं द्वारा अभूतपूर्व स्वागत की तैयारियां की गई हैं।
