रतलाम रेल मंडल की कुमारी पूर्वा कोठारी को क्षेत्रीय राजभाषा वाक प्रतियोगिता में मिला तृतीय पुरस्कार, महाप्रबंधक ने किया सम्मानित
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। पश्चिम रेलवे द्वारा आयोजित राजभाषा पखवाड़े के अंतर्गत क्षेत्रीय स्तर की ‘राजभाषा वाक प्रतियोगिता’ में रतलाम रेल मंडल ने अपनी श्रेष्ठता का परचम लहराया है। इस प्रतियोगिता में डाउन यार्ड रतलाम में पदस्थ कार्यालय अधीक्षक कुमारी पूर्वा कोठारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए पूरे पश्चिम रेलवे स्तर पर तृतीय स्थान हासिल किया।
पश्चिम रेलवे के प्रधान कार्यालय, चर्चगेट (मुंबई) में आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान महाप्रबंधक रामाश्रय पांडेय ने पूर्वा कोठारी को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रशस्ति पत्र एवं नगद पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया।
पूर्वा कोठारी की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर रतलाम मंडल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी है। उनकी यह सफलता मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और उपयोग को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक उपलब्धि है।
