समाजसेवी व भाजपा नेता वीरेंद्र व्यास के निधन पर रतलाम में गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज करेगा याद, रामगढ़ स्थित श्रीराम मंदिर पर आज होगी श्रद्धांजलि सभा
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम/इंदौर। श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण नगर सभा इंदौर के अध्यक्ष, इंदौर विकास प्राधिकरण (IDA) के पूर्व संचालक एवं भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री वीरेंद्र व्यास का गत दिवस निधन हो गया। स्व.व्यास का रतलाम गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाजजनों से जीवंत संपर्क रहा है। इसलिए गुरुवार को रतलाम स्थित श्री राम मंदिर, रामगढ़ में भी शाम 7.30 बजे श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई है। स्व. श्री व्यास रतलाम गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज नगर सभा अध्यक्ष राजेश जी तिवारी के अभिन्न मित्र थे। इनकी बीमारी की सूचना पर ही ये इंदौर पहुंच गए थे। उपचार से लेकर निधन तक तिवारी परिजनों के साथ डटे रहे।
अस्पताल में उपचार के दौरान ली अंतिम सांस:- 20 नवंबर की सुबह घबराहट महसूस होने पर उन्हें तुरंत इंदौर के राजश्री अपोलो हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था, जहाँ उपचार के दौरान 22 नवंबर (रविवार) को प्रातः 7:30 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली। अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान म.प्र. शासन के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय एवं विधायक रमेश मेंदोला ने व्यक्तिगत रूप से उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।
छात्र राजनीति से संगठन के शीर्ष पदों तक का सफर:- स्व. वीरेंद्र व्यास का जन्म 24 सितंबर 1967 को इंदौर में हुआ था। उन्होंने इंदौर के गुजराती साइंस कॉलेज से विज्ञान विषय में स्नातकोत्तर (M.Sc.) की उपाधि प्राप्त की। छात्र जीवन से ही वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) से जुड़ गए थे और विभिन्न पदों पर कार्य करते हुए 1983 में गुजराती साइंस कॉलेज के सचिव चुने गए। वर्तमान में वे इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-4 के भाजपा मंडल अध्यक्ष के रूप में सक्रिय थे। वे अपने पीछे पिता प्रेमनारायण व्यास (82, सेवानिवृत्त शिक्षक) एवं दो पुत्रियां कु. तन्वी और यशस्वी सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। वे रतलाम के तरनी व्यास, महेंद्र व्यास एवं प्रमोद व्यास के चचेरे (कजिन) भाई थे।
आज शाम रामगढ़ स्थित श्री राम मंदिर में होगी सभा:- दिवंगत आत्मा को श्रद्धासुमन अर्पित करने के लिए श्री गुर्जर गौड़ ब्राह्मण समाज नगर सभा, रतलाम के तत्वावधान में गुरुवार (26 नवंबर) को शाम 7:30 बजे से रात 8:00 बजे तक श्री राम मंदिर, रामगढ़ में श्रद्धांजलि सभा संपन्न होगी। समाजजनों और शुभचिंतकों ने अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर श्रद्धांजलि अर्पित करने की अपील की है।
