रतलाम रेल मंडल में ट्रैकमैन उलझे: आपसी विवाद में ट्रैकमैन ने लोहे का पाना साथी के सिर पर दे मारा, रेल अस्पताल में उपचार
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम। रतलाम रेल मंडल की गैंग नंबर 68 में कार्यरत दो ट्रैकमैन रेल कर्मचारियों के बीच हुए आपसी विवाद गहरा गया। झगड़े के दौरान एक ट्रैकमैन ने अपने ही साथी कर्मचारी पर ट्रैक मेंटेनेंस में काम आने वाले लोहे के पाने से हमला कर दिया। सिर में चोट आने पर घायल कर्मचारी को उपचार के लिए रतलाम रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं पीड़ित पक्ष अपनी शिकायत लेकर जीआरपी थाने भी पहुंचा है।

क्या है पूरा मामला:- प्राप्त जानकारी के अनुसार, रतलाम रेल मंडल के अंतर्गत आने वाली गैंग नंबर 68 में ट्रैकमैन के पद पर कार्यरत धर्मराज और अनिल जमादार के बीच उधार पैसे को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर अनिल जमादार ने पास में रखे लोहे के पाने से धर्मराज के सिर पर वार कर दिया। हमले में धर्मराज के सिर और कान के पीछे चोंट लगी।
रेलवे अस्पताल पहुंचाया:- घटना के बाद मौके पर मौजूद अन्य रेल कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया और घायल धर्मराज को अन्य कर्मचारी कमलेश ने तत्काल रतलाम स्थित रेलवे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। मामले में पीडब्लूआई शैलेष से जानकारी लेना चाही। लेकिन इनका मोबाइल स्वीच ऑफ आ रहा था। वहीं ट्रैकमैन अनिल जमादार को फोन लगाया तो मोबाइल आउट ऑफ नेटवर्क था।
