आत्महत्या का रतलाम कनेक्शन…शहडोल में महिला लोको पायलट ने फांसी लगाई, रतलाम के रेलवे कर्मचारी पर जताई मानसिक प्रताड़ना की आशंका
-बहन का आरोप रतलाम में कार्यरत रेलवे कर्मचारी ने मृतका से रात में बात की थी।
-फिलहाल शहडोल पुलिस मामले की जांच में जुटी।
न्यूज़ जंक्शन-18
रतलाम/शहडोल। मध्यप्रदेश के शहडोल जिले में एक महिला लोको पायलट ने फांसी का फंदा लगाकर मौत को गले लगा लिया। आत्महत्या को लेकर मृतका की बहन ने आरोप लगाया कि रतलाम में पदस्थ रेलवे कर्मचारी से उसकी रात में चर्चा हुई थी। इसके बाद उसकी बहन का आत्महत्या का कदम उठाने से शंका की सुई रतलामी कर्मचारी की ओर घुम रही है। हालांकि कोतवाली पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शहडोल में यह घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के किरण टॉकीज के समीप की है। कोतवाली थाना प्रभारी राघवेंद्र तिवारी ने वहां मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि लोको पायलट आरती (33) का शव शनिवार दोपहर फांसी के फंदे में लटकता हुआ उनके मकान में मिला है। स्थानीय लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, आरती लोको पायलट के पद पर शहडोल में आठ साल से पदस्थ थी। वह एक किराए के मकान में किरण टॉकीज के समीप रहती थी। सुबह से उनका दरवाजा बंद था और काफी देर तक न खोलने से पड़ोस में रह रहे लोगों को कुछ शंका हुई। आवाज देने के बाद भी आरती ने जब दरवाजा नहीं खोला तो लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सामने दरवाजा तोड़ा गया तो फांसी के फंदे में महिला लोको पायलट का शव उनके घर के अंदर मिला है।
पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई की जा रही है। आरती झांसी की रहने वाली है। मामले की जानकारी उनके परिजनों को दी गई है। आरती यहां अकेले ही रहा करती थी। परिजन जब पहुंचेंगे तो पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, मामले पर पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
इधर, महिला की बहन ने स्थानीय मीडिया से चर्चा में कहा कि रतलाम में पदस्थ रेलवे कर्मचारी से उसका कांटेक्ट था। घटना के पहले रात ढाई बजे आखरी बार उसकी उस कर्मचारी से चर्चा हुई थी। इसकी कॉल डिटेल मौजूद है। ऐसी क्या बात हुई इससे बहन ने आत्महत्या की। हमेे मानसिक प्रताड़ना की आशंका है। पुलिस को मामले की जांच करना चाहिए।